मुहम्मदाबाद: पॉक्सो एक्ट को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

 

मुहम्मदाबाद 30 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर गांधी जयंती पखवाड़े के उपलक्ष्य में बुधवार को एमजेआरपी अकादमी परिसर तिवारीपुर में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जुडिशियल मजिस्ट्रेट न्यायालय मुहम्मदाबाद एवं थाना मुहम्मदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति की महिला पुलिसकर्मियों ने विद्यालय के बालक-बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट से संबंधित फोल्डर एवं पंपलेट वितरित कर उन्हें बाल यौन अपराधों से बचाव के उपाय बताए। मुख्य अतिथि जुडिशियल मजिस्ट्रेट न्यायालय मुहम्मदाबाद के रंजीत कुमार जायसवाल ने कहा कि पॉक्सो एक्ट-2012 का उद्देश्य 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को लैंगिक अपराध एवं यौन शोषण से संरक्षण प्रदान करना है। कानून में बच्चों के साथ होने वाले विभिन्न यौन अपराधों के लिए कठोर दंड का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी गलत व्यवहार की जानकारी विश्वसनीय व्यक्ति को देने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी श्रीराम राय कमलेश ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन के दुरुपयोग से भी बच्चों को सावधान रहने की आवश्यकता है। गलत संदेश, फोटो और वीडियो के माध्यम से बच्चों को प्रभावित करने अथवा उनका शोषण करने के मामले सामने आते हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं को मोबाइल का सुरक्षित और जिम्मेदारी से उपयोग करना चाहिए।
थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा कि बालक-बालिकाएं अथवा उनके अभिभावक किसी भी प्रकार के अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचना दे सकते हैं। पुलिस, विशेषकर महिला पुलिसकर्मी, उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर हैं।
अभियान में थाना मुहम्मदाबाद की मिशन शक्ति-5 की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर एमजेआरपी अकादमी के प्रधानाचार्य उदय शंकर, प्रबंधक पवन कुशवाहा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

मुहम्मदाबाद से नितिश यादव की रिर्पोट

Exit mobile version