मुहम्मदाबाद 30 सितंबर 2026। गाजीपुर के मुहम्मदाबाद नगर के जमालपुर मोहल्ले में बुधवार सुबह 17 वर्षीय किशोरी की गले में फंदा लगाकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
बताया गया कि जमालपुर मोहल्ला निवासी छोटेलाल गुप्ता के परिवार के लोग मंगलवार रात भोजन करने के बाद सो गए थे। बुधवार सुबह परिजन किशोरी को जगाने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजा खोला गया तो किशोरी मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतका के पिता छोटेलाल गुप्ता ने कोतवाली में तहरीर देकर नई बस्ती मंगल बाजार निवासी एक युवक और उसके भाई पर उनकी पुत्री को कथित तौर पर डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया है कि घटना से दो दिन पूर्व आरोपित युवक अपने भाई के साथ उनके घर आया था और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। मृतका डॉ एम ए अंसारी इंटर कालेज युसुफपुर की कक्षा 11 वीं की छात्रा थी।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भी कोतवाली पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
मुहम्मदाबाद से नीतिश यादव की रिर्पोट
