Ghazipur News:जनक मेमोरियल ट्रस्ट के स्वास्थ्य शिविर में 165 मरीजों की जांच, निशुल्क दवा वितरित

Ghazipur News:जनक मेमोरियल ट्रस्ट के स्वास्थ्य शिविर में 165 मरीजों की जांच, निशुल्क दवा वितरित

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) 04 अक्टूबर 2026।जनक मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से रविवार को कठउत (गौसपुर) गांव में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बनारस के पेट एवं पाचन तंत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सौम्यलिन राय ने 165 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उनकी शारीरिक समस्याओं के अनुसार निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ दवाएं भी वितरित कीं।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान से उच्च शिक्षा प्राप्त डॉ. राय ने शिविर में लोगों को पेट एवं पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए खानपान और दिनचर्या में सुधार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भोजन की शुद्धता के साथ समय पर खाना बेहद जरूरी है। बाहर के तले-भुने खाद्य पदार्थों और मैगी जैसे जंक फूड के अधिक सेवन से पेट संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। तेल, मसाले, घी और मक्खन का इस्तेमाल भी सीमित मात्रा में करना चाहिए।

डॉ. राय ने नियमित दिनचर्या पर जोर देते हुए कहा कि देर रात तक जागना और सुबह देर से उठना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। स्वस्थ रहने के लिए सुबह व्यायाम, योग और टहलने की आदत डालनी चाहिए। रात में भोजन करने के बाद भी कुछ देर टहलना लाभकारी है।

शिविर की आयोजक कुमकुम श्रीवास्तव और अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे। जनक वाटिका मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में बनारस के अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाकर विभिन्न रोगों के निशुल्क उपचार एवं परामर्श की व्यवस्था करने की योजना है।

शिविर को सफल बनाने में सरिता श्रीवास्तव,प्रेमचंद गुप्ता उर्फ बड़े,संजय यादव, अमित अग्रहरी, राजतिलक, प्रमिला राय, शिप्रा राय, चंद्रकला गुप्ता और जया राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version