श्रीराम मंदिर शांतिधाम, उधुरा (बक्सर) में पुष्पांजलि एवं भंडारे का आयोजन

राजेश कुमार राय

उधुरा (बक्सर)। आज श्रीराम मंदिर शांतिधाम, उधुरा (बक्सर) के संस्थापक ब्रह्मलीन संत श्री श्री 1008 परमपूज्य वेणीमाधव दास जी महाराज की 22वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाराज जी को पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई तथा भंडारे का आयोजन किया गया।
पुण्यतिथि के इस पावन अवसर पर संतों एवं ब्राह्मणों को भोजन-प्रसाद ग्रहण कराने के उपरांत वस्त्र और दान-दक्षिणा देकर ससम्मान विदा किया गया। दूर-दराज से पधारे श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को भी महाराज जी की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि संत-परंपरा, लोकसेवा और मानवीय आत्मीयता का सुंदर उदाहरण बना।
इस भंडारे को सफल बनाने में उधुरा गांव एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों ने जिस श्रद्धा, सहयोग और समर्पण का परिचय दिया, उसके प्रति श्रीराम मंदिर शांतिधाम परिवार हृदय से कृतज्ञ है। किसी भी धार्मिक आयोजन की सफलता केवल मंदिर की व्यवस्था से नहीं, बल्कि समाज के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से सुनिश्चित होती है। स्थानीय लोगों का यह सहयोग मंदिर के प्रति उनकी आस्था और अपनत्व का प्रमाण है।


इस अवसर पर फलाहारी बाबा का उल्लेख किए बिना यह वृत्तांत अधूरा रहेगा। हालांकि, श्रद्धेय भरतदास जी महाराज के बाद मंदिर की व्यवस्था, सेवा और प्रत्येक आवश्यक कार्य के प्रति उनकी सजगता किसी औपचारिक धन्यवाद की मोहताज नहीं है। वे सेवा को शब्दों में नहीं, अपने कर्मों में अभिव्यक्त करते हैं। हम उधुरा में रहने वाले लोग हैं और फलाहारी बाबा अयोध्यावासी हैं, लेकिन हमारे बीच की दूरी को उन्होंने कभी संबंधों के आड़े नहीं आने दिया। जब भी आवश्यकता होती है, उनका आगमन अनेक तरह की दूरियों और खाइयों को पाट देता है। उनके भीतर का सेवाभाव, आत्मीयता और सबको साथ लेकर चलने की भावना हमें अभिभूत करती है। इसलिए उनके प्रति औपचारिक धन्यवाद के स्थान पर हम अपने हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हैं।
हम उधुरा गांव के सभी लोगों, मंदिर से जुड़े पत्रकार बंधुओं, शुभचिंतकों और उन सभी श्रद्धालुओं के भी आभारी हैं, जिन्होंने अपना बहुमूल्य समय निकालकर इस पावन अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उनकी सहभागिता ने इस आयोजन को और अधिक आत्मीय एवं सार्थक बनाया।
संतों का जीवन समाज को सेवा, त्याग, करुणा और सद्भाव का मार्ग दिखाता है। उनके द्वारा स्थापित संस्थाएं तभी अपने उद्देश्य को सार्थक करती हैं, जब उनमें धार्मिक आस्था के साथ मानवीय संवेदना और सामाजिक समरसता भी जीवित रहती है।
ब्रह्मलीन संत वेणीमाधव दास जी महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर यही सच्ची श्रद्धांजलि है कि उनके द्वारा स्थापित श्रीराम मंदिर शांतिधाम में सेवा, सद्भाव और संत-परंपरा की ज्योति निरंतर प्रज्वलित रहे।
परमपूज्य महाराज जी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

 

Exit mobile version