भारत-बांग्लादेश सीमा के पास BSF जवानों पर हमले के आरोप में 8 आरोपी गिरफ्तार

अगरतला: त्रिपुरा के सेपाहीजाला जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास अशाबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर हमला करने के आरोप में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को बीएसएफ जवानों ने कलामचौरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आशाबारी में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कुछ भारतीय और बांग्लादेशी तस्करों को अवैध गतिविधियों में शामिल होते देखा। जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और एक भारतीय तस्कर को पकड़ लिया।

हालांकि, जब बीएसएफ जवान वहां पहुंचे, तो सीमा बाड़ के दूसरी तरफ मौजूद बांग्लादेशी तस्कर भाग गए। अधिकारी ने बताया कि पकड़ा गया भारतीय तस्कर भी किसी तरह भाग निकला और उसने ग्रामीणों से कहा कि बीएसएफ जवानों ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं मौके पर जमा हो गए। उन्होंने बीएसएफ की गाड़ी को घेर लिया और लाठी-डंडों से जवानों पर हमला कर दिया, जिसमें कंपनी कमांडर समेत तीन जवान घायल हो गए।

Exit mobile version