बसनी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन

लगभग 350 मरीजों की हुई स्वास्थ्य जाँच, निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयों का वितरण
वाराणसी। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने और जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास खंड बड़ागांव की ग्राम सभा बसनी स्थित साईं इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक संस्था कमला ग्राम विकास संस्थान द्वारा भारत सरकार के नेशनल बैकवर्ड क्लासेज फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NBCFDC) के सहयोग से आयोजित इस शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्रीमती अमलेश पटेल ने किया। शिविर में लगभग 350 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में चिकित्सकों द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य जाँच एवं निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इसमें शुगर, ब्लड प्रेशर, थायराइड, ईसीजी, महिला रोग तथा हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं की जाँच की व्यवस्था रही। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती अमलेश पटेल ने ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल बताते हुए कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्राप्त होती हैं।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर बीमारी की पहचान और उचित चिकित्सकीय परामर्श के प्रति जागरूक भी किया गया। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह पहल उपयोगी रही।
संस्था का मानना है कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज की आधारशिला हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना सामूहिक सामाजिक दायित्व है। इसी उद्देश्य से कमला ग्राम विकास संस्थान जनस्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और ग्रामीण समुदायों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस कार्यक्रम में डॉ आलोक त्रिपाठी, डॉ आकाश, सैयद मोहम्मद अनस, सूरज आदि लोगो ने भाग लिया।

Exit mobile version