देश-विदेश से पहुँचे भक्त, पट खुलते ही गूँजा – जय माँ अन्नपूर्णा, स्वर्णमयी माँ का दर्शन कर झोली भर ले गए खजाना

 

वाराणसी: काशी की रात इस बार सोई नहीं। अन्नपूर्णा मंदिर के बाहर बीती रात से ही भक्तों का सैलाब उमड़ा था। कोई चादर ओढ़े वेरिकेटिंग मे बैठा था, कोई हाथ में माला लिए माँ का नाम जप रहा था। न नींद की परवाह थी, न भूख-प्यास की। सबके मन में बस एक ही आस थी – सुबह 5 बजे पट खुलेगा और माँ स्वर्णमयी अन्नपूर्णा की एक झलक मिल जाएगी।
और जैसे ही भोर की पहली किरण फूटी, काशी का अन्नपूर्णा परिसर माँ के जयकारों से गूँज उठा। जय माँ अन्नपूर्णा… जय माँ अन्नपूर्णा… हर ओर यही स्वर, यही आस्था, यही भक्ति।

प्रथम तल पर विराजमान हैं माँ स्वर्णमयी
मंदिर के प्रथम तल पर विराजमान माँ स्वर्णमयी अन्नपूर्णा ने पांच दिवसीय दर्शन देना शुरू कर दिया है। पट खुलते ही भक्तों की आँखें भर आईं, हाथ स्वतः जुड़ गए और मुख से बस एक ही स्वर निकला – माँ!

किसी ने माथा टेका, किसी ने झोली फैलाई, किसी ने बस आँखें बंद करके माँ को मन में बसा लिया। स्वर्ण आभा में दमकती माँ का दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो गए।

देश-विदेश से पहुँचे भक्त खजाना लेने
दर्शन के लिए सिर्फ काशी ही नहीं, देश के कोने-कोने से और विदेशों से भी भक्त पहुँचे हैं। कोई उत्तर प्रदेश से, कोई बिहार से, कोई हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश से, तो कोई विदेश की धरती से माँ का खजाना लेने आया है। सबकी झोली में माँ का दिया सिक्का, धान और आशीर्वाद ही सबसे बड़ी दौलत है।

11 आचार्यों के आचार्यत्व में हुआ सविधि पूजन
सुबह 3 बजे से 5 बजे तक मंदिर में सविधि पूजन-अर्चन चला। 11 आचार्यों के आचार्यत्व में महंत शंकरपुरी ने विधि-विधान से पूजन कर माँ की आरती उतारी।
घंटा-घड़ियाल, शंखनाद और मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। आरती के बाद महंत जी ने कामना की –

“सभी के घर अन्न-धन से भरे हों, देश में खुशहाली हो, कोई भूखा न सोए, माँ सबकी मनोकामना पूरी करें।”

ऐसे हो रहा है दर्शन
श्री महंत शंकर पूरी ने ठीक 5 बजे भक्तों के लिए पट खोल दिया। भक्त बाएं हाथ की ओर बनी अस्थाई सीढ़ी से होते हुए शिखर दर्शन करते हुए प्रथम तल पर विराजमान माँ का दर्शन कर रहे हैं। दर्शन के बाद खजाना लेते हुए भाव-विभोर होकर बाहर निकल रहे हैं।

कतार लंबी है, पर चेहरे पर शिकन नहीं। हर भक्त के मन में यही है – थोड़ा इंतजार सही, पर माँ का दर्शन तो होगा।

सेवा में जुटे रहे सेवादार, मेडिकल टीम भी तैनात
मंदिर परिसर में स्वयंसेवी तैनात हैं, जो वृद्ध, दिव्यांग और असहाय भक्तों को सीधे दर्शन करवा रहे हैं। वहीं एक मेडिकल टीम भी तैनात है, जो किसी भी भक्त को छोटी सी भी समस्या होने पर तत्काल उपचार कर रही है।

कंट्रोल रूम से रखी जा रही पल-पल की नजर
मंदिर प्रबंधक काशी मिश्रा ने कहा – “हर चीज का ध्यान दिया गया है। सुरक्षा को लेकर मंदिर कंट्रोल रूम से लगातार सभी पर नजर रखी जा रही है। भक्तों के सुगम दर्शन हेतु माता का आशीर्वाद सदा बना रहे, यही कामना है।”
मुख्य सहयोग रहा नीलकंठ से आये शिवांनंद गिरी, प्रदीप श्रीवास्तव, धीरेन्द्र सिंह, रकेश तोमर समेत मंदिर परिवार रहा

सच ही है, काशी में जहाँ स्वयं बाबा विश्वनाथ ने भी झोली फैलाई थी, वहाँ आज हजारों-लाखों भक्त अपनी झोली भरकर लौट रहे थे – आँखों में आँसू, मन में संतोष, हाथ में माँ का खजाना और हृदय में एक ही विश्वास – माँ अन्नपूर्णा कभी किसी को भूखा नहीं सोने देतीं।

Exit mobile version