दो मुठभेड़ों के बाद छह बदमाश पकड़े गए

ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चार आरोपियों और लूटपाट के मामलों में वांछित दो इनामी बदमाशों समेत छह लोगों को दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दोनों मुठभेड़ों में चार बदमाशों के पैर में गोली लगी है।

पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा थाने की पुलिस रविवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-20 के पास वाहनों की जांच कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार कुछ संदिग्ध लोग वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन जब वे भागने लगे तो पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया, जिसके बाद आरोपियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी। सिंह के अनुसार, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी तथा उनकी पहचान बुलंदशहर निवासी राजकुमार (22) और हापुड़ निवासी सचिन (22) के रूप में हुई है।

दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि उनके दो अन्य साथी कमल और हरेंद्र उर्फ जितेंद्र मौके से भाग गए थे, जिन्हें बाद में तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिल और लोहे की छड़ आदि बरामद की गई हैं।

Exit mobile version