‘नेचुरोपैथी’: स्वस्थ भारत के लिए प्राकृतिक उपचार

प्राकृतिक चिकित्सा एक सरल विचार पर आधारित है: शरीर में खुद को ठीक करने की ताकत होती है। कई संस्कृतियों की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ी यह एक किफायती और दवा-मुक्त प्रणाली है, जिसमें स्वास्थ्य देखभाल और स्वस्थ जीवन के लिए प्राकृतिक चीजों का उपयोग किया जाता है। यह प्रकृति के पांच तत्वों—पृथ्वी, जल, वायु, अग्नि और आकाश—की मदद से शरीर की अपनी जीवन-शक्ति को बढ़ाकर काम करती है।

प्राकृतिक चिकित्सा, प्राकृतिक उपचार की एक पद्धति है और साथ ही जीवन जीने का एक ढंग भी है। यह ‘प्रकृति की ओर लौटो’ का आह्वान करती है: इसमें सादा खाना और जीवन जीने का तरीका तथा स्वयं, समाज और पर्यावरण के साथ संतुलित जीवन शामिल है। इसमें स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, रोगों की रोकथाम, उनका उपचार करने और ठीक होने में मदद करने की क्षमता है।

प्राकृतिक चिकित्सा में उपचार

एक प्राकृतिक चिकित्सक (नेचुरोपैथ) प्रकृति की दी हुई चीजों से उपचार करते हैं: जैसे उपवास और आहार, हाइड्रोथेरेपी (पानी से उपचार), मड पैक, कोल्ड पैक, स्नान और मालिश। राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान के पुणे परिसर, ‘निसर्ग ग्राम’ में उपचार अनुभागों के अंतर्गत मैग्नेटोथेरेपी (चुंबक से उपचार), क्रोमोथेरेपी (रंग चिकित्सा) और फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा, यहां एक योग हॉल और सात्विक आहार केंद्र भी है।

प्राकृतिक चिकित्सा किन रोगों में कारगर है

प्राकृतिक चिकित्सा को पुरानी बीमारियों, एलर्जी, ऑटोइम्यून, शरीर के अंगों के क्षय से जुड़ी समस्याओं और तनाव से संबंधित विकारों में प्रभावी बताया गया है। पोषण, प्राकृतिक चिकित्सा और जीवनशैली में बदलाव को लेकर इसका महत्व फिर से बढ़ गया है, क्योंकि लोग जीवनशैली से जुड़े विकारों, मोटापे, तनाव और वृद्धावस्था में स्वस्थ जीवन पर अधिक ध्यान दे रहे हैं। स्वस्थ आहार, शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त आराम और तनाव प्रबंधन सभी उम्र के लोगों के लिए निवारक स्वास्थ्य देखभाल में सहायक हो सकते हैं।

भारत में प्राकृतिक चिकित्सा और योग

भारत में प्राकृतिक चिकित्सा (नेचुरोपैथी) योग से जुड़ी हुई है। राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान के अनुसार, भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा में योग के साथ-साथ स्वास्थ्य और रोग को समझने की ‘पंचभूत’  जैसी प्राचीन भारतीय अवधारणाएं भी शामिल हैं। समय के साथ, यह एक संपूर्ण पद्धति के रूप में विकसित हुई है जो रोगों का उपचार और रोकथाम करती है और लोगों को प्रकृति के करीब रहकर स्वस्थ जीवन जीना सिखाती है। आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध, सोवा रिग्पा और होम्योपैथी के साथ-साथ, योग और प्राकृतिक चिकित्सा को भी ‘आयुष’ प्रणालियों में एक साथ शामिल किया गया है। प्राकृतिक चिकित्सा पर राष्ट्रीय सम्मेलन (2026) में, आयुष मंत्रालय ने दोहराया कि योग और प्राकृतिक चिकित्सा एक-दूसरे के पूरक हैं। सरकार ने इस संयोजन के इर्द-गिर्द एक पूरी व्यवस्था तैयार की है: एक ऐसी डिग्री जो प्राकृतिक चिकित्सा को योग विज्ञान के साथ जोड़ती है; दोनों के लिए एक अनुसंधान परिषद – ‘सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन योग एंड नेचुरोपैथी’ (सीसीआरवाईएन); चिकित्सकों का केंद्रीय पंजीकरण; और देश का पहला राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल।

9वां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस: प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत

9वां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस 18 नवंबर 2026 को कर्नाटक के नागमंगला स्थित केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (सीआरआईवाईएन) में मनाया जाएगा। इसका विषय ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ है, जो बीमारी से बचाव को प्राथमिकता देता है। इसमें संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधि, योग और तनाव प्रबंधन पर जोर दिया गया है, साथ ही मोटापे को रोकने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। यह आयोजन प्रधानमंत्री के ‘फिट और स्वस्थ भारत’ के विजन के अनुरूप है। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने कहा:

““प्राकृतिक चिकित्सा हमें जीवनशैली, प्रकृति और संपूर्ण स्वास्थ्य के बीच के गहरे संबंध को समझने के लिए प्रेरित करती है। हमारा जोर विश्वसनीय अनुसंधान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारंपरिक स्वास्थ्य सेवा के साथ जिम्मेदारीपूर्ण एकीकरण के माध्यम से इसके वैज्ञानिक आधार को मजबूत करने पर है।”

महात्मा गांधी और प्राकृतिक चिकित्सा दिवस की शुरुआत

प्राकृतिक चिकित्सा दिवस, महात्मा गांधी के प्रकृति चिकित्सा के संकल्प को समर्पित है। 18 नवंबर 1945 को, वे पुणे स्थित ऑल इंडिया नेचर क्योर फाउंडेशन ट्रस्ट के आजीवन अध्यक्ष बने और उन्होंने इसकी डीड पर हस्ताक्षर किए। आयुष मंत्रालय ने हर साल ‘प्राकृतिक चिकित्सा दिवस’ मनाने की तारीख की घोषणा की, जिसकी शुरुआत 2018 में हुई। गांधी जी को भारत में प्राकृतिक चिकित्सा का संस्थापक माना जाता है। 1946 में, उन्होंने पुणे के पास उरुली कंचन नामक गांव में प्राकृतिक चिकित्सा अभियान का नेतृत्व किया। उसी वर्ष, उन्होंने लिखा:

“मेरा मानना ​​है कि जहां व्यक्तिगत, घरेलू और सार्वजनिक स्वच्छता के नियमों का सख्ती से पालन किया जाता है, और आहार व व्यायाम के मामले में उचित सावधानी बरती जाती है, वहां बीमारी या रोग के लिए कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। जहां पूर्ण आंतरिक और बाहरी पवित्रता हो, वहां बीमारी का होना असंभव है। यदि गांव के लोग इस बात को समझ लें, तो उन्हें डॉक्टरों, हकीमों या वैद्यों की ज़रूरत ही नहीं पड़ेगी।” (हरिजन, 26 मई 1946)

राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान और निसर्ग ग्राम

पुणे स्थित राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (एनआईएन) की स्थापना 22 दिसंबर 1986 को हुई। यह उस नेचर क्योर सेंटर में स्थित है, जिसे 17 मार्च 1975 को भारत सरकार को सौंपा गया। इसका मुख्यालय, ‘बापू भवन’ महात्मा गांधी के नाम पर रखा गया है। एनआईएन, आयुष मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त निकाय है और इसक शासी निकाय के प्रमुख केंद्रीय आयुष मंत्री होते हैं। एनआईएन निम्नलिखित कार्य करता है:

एनआईएन सामान्य जरूरतों के लिए विशेष बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) क्लीनिक चलाता है जिसमें प्रसव पूर्व और पश्चात स्वास्थ्य के लिए ‘मैटरनल केयर ओपीडी’; आहार, योग और जीवनशैली में बदलाव के माध्यम से काम करने वाली ‘डायबिटीज ओपीडी’; तथा तनाव और चिंता के लिए योग, ध्यान और रिलैक्सेशन के माध्यम से काम करने वाली ‘माइंड-बॉडी मेडिसिन ओपीडी’ शामिल है।

निसर्ग ग्राम

25 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पुणे में राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (एनआईएन) के नए परिसर ‘निसर्ग ग्राम’ का उद्घाटन किया। 25 एकड़ में फैले और 213.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परिसर में 250 बिस्तरों वाला अस्पताल, अनुसंधान एवं विस्तार सेवा केंद्र तथा स्नातक, स्नातकोत्तर और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के लिए एक नेचुरोपैथी मेडिकल कॉलेज शामिल है। यह देश का पहला राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल है, जहां जीवनशैली संबंधी चयापचय (मेटाबॉलिक) विकारों का प्राकृतिक उपचार किया जा सकता है।

बीएनवाईएस डिग्री

एनआईएन देश का पहला केंद्रीय सरकारी संस्थान है जो नई दिल्ली स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय, ‘श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय’ से संबद्ध होकर ‘बैचलर ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज’ (बीएनवाईएस) प्रोग्राम चलाता है। बीएनवाईएस का छात्र साढे पांच साल तक परिसर में रहता है: इसमें साढ़े चार साल का शैक्षणिक और नैदानिक प्रशिक्षण होता है, जिसके बाद एक साल की अनिवार्य रोटेटरी रेजिडेंशियल इंटर्नशिप पूरी करनी होती है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘निसर्ग ग्राम’ में 100 सीटें उपलब्ध हैं, और कक्षाएं 30 नवंबर 2026 से शुरू होंगी।

1 अप्रैल 2024 तक, देश भर में 71 प्राकृतिक चिकित्सा स्नातक कॉलेजों में 5,214 छात्रों की प्रवेश क्षमता थी, जबकि 6 स्नातकोत्तर कॉलेजों में 144 छात्रों की क्षमता थी। 1 जनवरी 2024 तक, 5,083 प्राकृतिक चिकित्सा चिकित्सक राज्य बोर्डों और परिषदों में पंजीकृत थे।

Exit mobile version