केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली में देश के 13 खेल विश्वविद्यालयों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में खेल विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग को मजबूत करने, विशेषज्ञता और संसाधनों को साझा करने और भारत की खेल शिक्षा, अनुसंधान, प्रशिक्षण और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने के लिए एक एकीकृत पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करने जैसे विषयों पर केन्द्रित चर्चा की गई।
डॉ. मंडाविया ने कहा कि हमारा लक्ष्य खेल विश्वविद्यालयों को संपूर्ण खेल पारिस्थितिकी तंत्र का केंद्र बनाना है, जहां खिलाड़ी, प्रशिक्षक, प्रशिक्षण, अनुसंधान, प्रतियोगिताएं और विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा सभी एक साथ विकसित किए जा सकें।
केंद्रीय खेल मंत्री ने सभी विश्वविद्यालयों को देश के हित के लिए विशिष्ट खेलों में अपनी विशेषज्ञता विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विश्वविद्यालय को अपनी विशिष्ट विशेषज्ञता विकसित करने की आवश्यकता है – चाहे वह किसी विशेष खेल, प्रशिक्षण, खेल विज्ञान या अनुसंधान में हो। इससे पूरे देश को लाभ होगा।
मांडविया ने कहा कि विश्वविद्यालय विशेषज्ञता के अपने-अपने विशिष्ट क्षेत्रों का विकास करें। उन्होंने उन्हें विश्वविद्यालयों को एक-दूसरे के साथ ज्ञान साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
डॉ. मांडविया ने कहा कि हम अब अलग-थलग रहकर काम नहीं करेंगे। अपने प्रयासों, संसाधनों और विशेषज्ञता को एकीकृत करके, हम एक मजबूत, सहयोगात्मक राष्ट्रीय खेल प्रणाली का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के बीच प्रशिक्षकों और ज्ञान के आदान-प्रदान और संसाधनों की साझेदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
हालांकि अधिकांश ध्यान भारत के एथलीटों की क्षमताओं को बढ़ाने पर केंद्रित है, डॉ. मांडविया ने विश्वविद्यालयों को ऐसी प्रणालियां बनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जो भारत को अपने खेल पारिस्थितिकी तंत्र और उद्योग को समग्र रूप से विकसित करने में सहायता करेंगी।
