7 दिसंबर से होगा 37वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज,

उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. प्रदेश में आयोजित होने वाली 37वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह की तारीख में बदलाव किया गया है. पहले इसका आयोजन नवंबर में होना था, लेकिन अब इसे दिसंबर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. इस संबंध में शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश की ओर से 18 नवंबर 2026 को आधिकारिक पत्र जारी किया गया है.

शिक्षा निदेशक (बेसिक) की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, शैक्षिक सत्र 2026-27 में पहले विद्यालय, जनपद और मंडल स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं जुलाई से अक्टूबर के बीच आयोजित कराने के निर्देश दिए गए थे. इसके बाद 17 सितंबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से 37वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन 20 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के बीच कराने की जिम्मेदारी वाराणसी मंडल को दी गई थी. हालांकि, अब मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), वाराणसी की ओर से भेजी गई सूचना के आधार पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की नई तारीख तय की गई है. इसके तहत प्रतियोगिताओं का आयोजन 7, 8 और 9 दिसंबर 2026 को किया जाएगा.

वाराणसी में इन दो स्थानों पर होगा आयोजन

जारी पत्र में बताया गया है कि 37वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह 2026 के आयोजन के लिए वाराणसी के दो खेल परिसरों को निःशुल्क आवंटित किया गया है. इनमें डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा और उदय प्रताप कॉलेज का क्रीड़ांगन शामिल हैं. इन्हीं स्थानों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन निर्धारित किया गया है.

मंडल और जिला स्तर के विजेता छात्रों को मिलेगा मौका

शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में मंडलीय और जनपदीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं राज्य स्तरीय आयोजन की नई तारीखों से पहले पूरी करा ली जाएं. इसके साथ ही इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले छात्र-छात्राओं को 7, 8 और 9 दिसंबर 2026 को वाराणसी मंडल की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है

Exit mobile version