नित्यानंद तिवारी :‘गुरु सुआ जेहि पंथ दिखावा’

एम. ए. की कक्षा है आर्ट्स फैकल्टी में गुरु जी “प्रलय की छाया” पढ़ाते हुए पहले ही बता देते हैं कि इस कविता को ऐतिहासिक तथ्य की कसौटी पर कसना बेमानी है और कविता का पाठ करते हैं गंभीर मंद्र स्वर में,

“कृष्णगरुवर्तिका जल चुकी स्वर्णपात्र के ही अभिमान में”

कविता से निकल आती है कमला अपने समूचे दृश्य चित्र के साथ, अपनी निजता के साथ प्रसाद के शब्द हमें रोमांचित कर देते हैं, चेतना में रोमांचित शब्दों का संस्पर्श हमें सम्मोहन की दशा में ले जाता है, कविता के व्यंजक संकेत हमारे बीस वर्षीय अनुभव-संसार को अर्थ का अनुमान करना सिखाते हैं. कमला के निराश समय की संध्या को नित्यानंद तिवारी कविता के पाठ में जीवंत कर रहे हैं, हम स्तब्ध हैं, चुप हैं, हम कक्षा के भीतर नहीं हैं, बाहर भी नहीं, प्रसाद का कवित्व, सर के शब्दों में भूत, भविष्य और वर्तमान के एक बिंदु पर संकेंद्रित हो गई है, प्रसाद की लय, गति सब गुरुजी के पाठ में समा गई है. कविता की लय, उसकी उठान व्याख्या के उपकरणों को भेद कर एक अपरूप लय बनकर तीस बच्चों की क्लास में अनुभूति का अनिवार्य अंग बन गई है, वह लय जितनी मधुर है, उतनी परुष भी. जो मेरे भीतर उतर जाती है हमेशा-हमेशा के लिए.

हम लोग सप्ताह में दो दिन गुरुजी की कक्षा के लिए डीटीसी बसों का लंबा, तकलीफ़देह सफ़र करते हैं, हर बार का जाना और लौटना एक-सा नहीं होता क्योंकि हमारे मन के साथ चली आती है सेवासदन की सुमन, त्यागपत्र की मृणाल, नागमती और कमला…गुरु के शब्द भीतर कौंधते है –

जीवन सौभाग्य है; जीवन अलभ्य है।”
चारों ओर लालसा भिखारिणी-सी माँगती थी
प्राणों के कण-कण, दयनीय- स्पृहणीय
अपने विश्लेषण में रो उठे अकिंचन जो
“जीवन अनन्त हैं, इसे छिन्न करने का किसको अधिकार है?
(प्रलय की छाया -प्रसाद)

सच ही तो जीवन अलभ्य है, आपका पढ़ाया भूल नहीं पायी, भूलना चाहती भी नहीं. आपने कहा था –

“किसी रचना के रूपबंधात्मक नियम सिर्फ जीवन की वास्तविक सामग्री से पैदा होते हैं. घटना, कार्य और चरित्र की आयोजना, अभिव्यक्ति के कलात्मक कौशल जीवन में निहित गति-व्यवस्था के प्रतिरूप ही होते हैं, बेटा!”

सर ने कभी मुझे मेरे नाम से शायद ही पुकारा, कहा है हमेशा ‘बेटा!’ मैं उनकी आँखों का तारा हूँ, ऐसा वे कहते हैं और मैं उसी आँख की रोशनी के वृत्त में चल पड़ी हूँ इस जीवन रूपी महासमुद्र को लांघने, सोचती हूँ डूबने लगूँगी तो ज़रूर होंगे सर आकाशदीप के प्रकाश स्तंभ की तरह, अंधकार में भी प्रज्जवलित वे मुझे डूबने नहीं देंगे. मेरे शोधनिर्देशक मात्र नहीं हैं गुरु हैं-

गुरु सुआ जेहि पंथ दिखावा, बिन सदगुरु को निरगुन पावा.’

गुरु बोल रहे हैं स्काइप पर और मैं बस सुन रही हूँ, इस तरह कि कोई ध्वनि, कोई साँस छूट न जाये, गुरु की आवाज़ सुनायी दे रही है सात समंदर पार से. मैं यूरोप में हूँ, लंबी बर्फ़ीली, सन्नाटे से भरी रातों में सोने की कोशिश बेमानी-सी है. विखंडित यूगोस्लाविया के क्षत-विक्षत अतीत ने मुझे निद्राहीन कर दिया है, भारतीय समय से साढ़े चार घंटे पीछे स्लोवेनिया की घड़ी चलती है. मैंने सर को भारतीय समय से सुबह आठ फ़ोन किया है, उन्होंने कहा है एक दिन –

“डायरी भेज दो.”

मैंने दूतावास को हाथ से लिखे बड़े से पुलिंदे को सी-1 मुल्तान नगर, दिल्ली के पते पर पोस्ट करने को कहा है. कभी सर्दी की शुरुआत में, जब यहाँ के वृक्षों के पत्ते पीले, लाल होकर गिरने लगे, किसी ने कहा मुझसे-

‘इस बार बर्फ़बारी अच्छी होगी’

मुझे अच्छी नहीं लगती बर्फ़, पेड़ों के ठूँठों तक को ढँक देती बर्फ़ मुझे साइबेरिया की निर्जन, अंतहीन पगडंडियों की याद दिलाती है, मुझे याद आते हैं दोस्तोव्येवस्की, याद आते हैं विक्टर फ्रेंकल जो नंगे बदन बर्फ़ की सिल्ली पर लिटाये गए थे.
“सर! मुझे और नहीं लिखना यहाँ की औरतों के बारे में.”
मैंने भारी गले से कहा है.

“ठीक है जो लिखा है, उसे भेज दो, और हाँ अपनी डायरियाँ फाड़ना मत.”
ये सर की आवाज़ है.

कई दिन गुज़रे, मैं उचाट होकर जीना सीख रही हूँ, कभी दोस्त, कभी पार्टी कभी सीमोन-द-बोउवार का अनुवाद, कभी छात्र और ज्यादातर गिटार की कक्षाएं. पिलेत्से झील के किनारे अकेले बैठना अच्छा लगता है, कैमरा है पास में, जूते पहने ही झील में कंकड़ फेंकने का मेरा साप्ताहिक कार्यक्रम चल रहा है, उस पार शाहीन का कत्थई रंग का जोड़ा उजाड़ दरख़्त की पत्रहीन अंतिम डाली पर बैठा मुझे देख रहा है एकटक. मेरी जैकेट पर घास के टुकड़े चिपके हुए हैं. एक कंकड़ फेंकने पर डुब्ब की आवाज़ के साथ जल के वृत्त बन जाते हैं -एक, दो तीन… मैं गिनती हूँ कब लौटूँगी अपने देश? ‘कभी नहीं, कभी नहीं’-मन का इकतारा दोहराता है. दीर्घ उच्छवास लेना आदत में शुमार होता जा रहा है. गुनगुनी-सी ठंडी धूप में अधलेटी हूँ, भारत की तरह यहाँ कोई ग़ौर नहीं फ़रमाता. नोकिया के मोबाइल पर सर का संदेश चमकता है

“फ़ोन करना.”

मैंने देह से घास झाड़ दी है,कंकड़ों की ढेरी छोड़ दी है वहीं, अब शाहीन-दम्पत्ति पर मेरा ध्यान नहीं है, मुझे सियेतना-सेस्ता लौटना है जल्दी. स्काइप से कॉल किया है. सर ने मेरा लिखा विश्वनाथ त्रिपाठी को दिखाया है, दोनों घनिष्ठ हैं, संवेदना का स्तर समान और रिटायरमेंट के बाद फ़ोन से रहते हैं ख़ूब नज़दीक. सर कहते हैं –

‘इसे छपवाना ज़रूर बेटा! त्रिपाठी जी को बहुत पसंद आया.”

मैंने अपना काम जारी रखा है, आख़िर गुरु ने कहा है, और वो जो है भी पितृवत. जो जानता है मुझे जन्म से, पिता का समकालीन और सहयोगी. वे वही हैं जिसने मुझे आकाश दिखाया है.

जे.एन.यू आने पर मैंने कहा है सर! जब भी पढ़ाती हूँ क्लास में लगता है आप देख रहे हैं मुझे! वे हँस देते हैं, दुबले हैं, समोसा खाना पसंद करते हैं बशर्ते करारा और शुद्ध घी में सिंका हो. मैं जब शांतिनिकेतन में थी तो सर से पूछती थी– “क्या लाऊँ सर आपके लिए?”
सर हौले से कहते कभी-कभी, शान्तिपुरी धोती.

शांतिनिकेतन में मंजू दी मेरे साथ दुकान पर जाती हैं और हम वहाँ से सर के लिए सूती कपड़े खरीदते हैं.पौष मेले का समय है, हम रात भर शीत में बैठकर मेला-माठ में बाउल-गान सुनते हैं. मंजू दी मेले का आनंद लेने में माहिर हैं. ये सन 2002 है, सर सपत्नीक शांतिनिकेतन आए हैं, उनके पास हज़ारीप्रसाद द्विवेदी के कई संस्मरण हैं, उनकी स्मृतियों में मेरी माँ भी है- कहते हैं “तुम हँसती हो तो अनु-सी लगती हो.”

नित्यानंद तिवारी के साथ गरिमा श्रीवास्तव

मेरी आँखें झलमला गई हैं. सिंधु आंटी बात बदल देती हैं. मेरे शोधार्थी विजय के पी.एचडी. के साक्षात्कार में वे आए हैं, हम लोग उन्हें आमार कुटीर, सोनाझूरी, प्रान्तिक घुमाते हैं, आशा दी का मछली-तालाब दिखाते हैं, उनकी बेटी तपाक से तालाब में कूद जाती है और हाथ में ताज़ा रोहू माछ पकड़ खूब हँसती है, उस गदबदी लड़की के कपड़े पानी-मिट्टी से भर गए हैं, सर के साथ हम सब आश्चर्य से उसका यह करतब देखते हैं. उसके यहाँ चार नए पिल्लों की आमद हुई है, वह ख़ूब दुलार से सर को पिल्लों के नाम बताती है. हम आश्रमिक सारी दुनिया से कटे हुए इस प्रकृति के साथ एकमेव हैं. सर के लौटने का दिन आ चला है, शांतिनिकेतन एक्सप्रेस उन्हें हावड़ा छोड़ देगी फिर वे जहाज़ से दिल्ली. हम लोग रेलवे स्टेशन तक छोड़ने जाते हैं. प्रणाम करने पर वे भाप से धुँधली हो आई आँखों से आशीर्वाद देते हैं. मुझे लगता है मैं जब चाहूँगी उन्हें शांतिनिकेतन बुला लूँगी. होता है क्या वैसा! समय बीत रहा है. अब हैदराबाद यूनिवर्सिटी में हूँ और एक संगोष्ठी में उन्हें बुलाया है, वे खूब स्वस्थ नहीं हैं,लेकिन बौद्धिक चेतना का पैनापन यथावत है. वे प्रेमचंद पर बोल रहे हैं–

“कि उनका औपन्यासिक विधान साहित्यिक आस्वाद की क्रांतिकारी परिभाषा करता है. वह आस्वाद जीवन की परिस्थितियों में अंतरविरोधी टकराव और उसके फलस्वरूप गति में हेरफेर यानी यथार्थ जीवन की गति-व्यवस्था की ओर रुचि की अभिमुखता है. उनके उपन्यासों में घटनायें. सामाजिक अंतर्विरोध के परिपार्श्व उभारती हैं. यानी कथा घटना में नहीं है, घटना जिन अंतर्विरोधी परिपार्श्वों को उभारती है, कथा वही रूप ले लेती है.”

सच ही कह रहे हैं सर, इसीलिए तो सेवासदन की सुमन वेश्या बनकर पाखंडी समाज के अंतर्विरोधों का पर्दाफाश करती है. इस बीज को मैंने छह वर्ष बाद सेवासदन के सौ वर्ष पूरे होने पर “हुस्न का बाज़ार या सेवा का सदन’ के रूप में माइक्रोएनालिसिस पद्धति से विस्तार दिया है. सर ने ‘समालोचन’ पर लेख पढ़कर शाबाशी दी है. अपने शोध निर्देशक से तारीफ़ पाने का सुख शोधार्थी के अलावा कोई जानता नहीं, जान सकता नहीं.

सर को ग़ौर से देखती हूँ- वे सार्वजनिक जीवन में कभी कोई आपत्तिजनक चर्चा नहीं करते. वे चुप रहकर सबकुछ देखते समझते हैं-
‘समुझि मनहिं मन रहिए’

ये कोविड का समय है, काया दुर्बल होती जा रही है. वे वृद्ध हो चले हैं, कई बार स्मृति भी साथ छोड़ दे रही है. इसबार उनसे बात करके मन अजीब हो उठा है जब उन्होंने कहा कि

“अब स्वयं को सूखे-सरोवर सा देखता हूँ, जिसका जल रोज-ब-रोज सूख रहा है. मैं अपने आप को दिनों-दिन सूखते हुए देख रहा हूँ.”

वे अपनी आँख से शरीर का छीजते चले जाना देख रहे हैं. उनकी चेतना रोज़ सुबह एक और दिन के अंत से उन्हें परिचित करवा रही है. उन्होंने कहा है–

“जिस दिन महसूस होगा कि कुछ शक्ति संचित कर बैठा हूँ तुम्हें मिलने को बुलाऊंगा”.

राजधानी कालेज में मेरे पिता के सहकर्मी रहे, अपनी पुत्री के साथ मेरे जन्म के साक्षी रहे मेरे अध्यापक का जीवन अब पहले-सा सक्रिय नहीं, फिर भी ऐसा लगता है कहीं से वही गर्वोन्नत भाल के साथ सीधे तने, पान खाते मुख की छवि फिर ले आ पाऊं. खादी के श्वेत कुर्ते-धोती से आवृत्त लम्बी काया जो कक्षा में पद्मावत के विविध सन्दर्भ पढ़ाते-पढ़ाते समय का ज्ञान विस्मृत करवा देती थी. मैला आँचल, प्रेमचंद के उपन्यास, जायसी की काव्य-चेतना का विश्लेषण करते कभी निरुत्साहित नहीं होती थी. नहीं थकते थे वे कंधे, ढेर-सी किताबों का बोझ ढोते हुए.

प्रत्येक कथन के सही सन्दर्भ देते हुए, किताबों के पन्ने पलटती उन दीर्घ दुबली लम्बी उँगलियों की शक्ति क्षीण भी होगा- सोचा न था कभी! चाहती हूँ कि वे शतायु हों और हम सबको अपनी विद्वत्ता से समृद्ध करते रहें.

ये 2026 है, सर अब फ़ोन कम ही उठाते हैं, ज़्यादा पढ़ नहीं पाते. सोचती हूँ तो क्या अब ये उम्र आ चली है जहाँ अपनों को विदा ही देनी है, पापा के जाने के बाद यह एहसास चेतना में ठुकता जाता है . इसके बाद अपना भी समय ख़त्म. जीवन छोटा है, बहुत छोटा. इसे छोटा समझकर ही रचनात्मकता और सार्थकता दी जा सकती है. शायद यह अहसास ही बेहतर ढंग से वयस्क बना सकता है. निराला की कविता कहीं भी उदासी की ओर नहीं ले जाती, बल्कि जीवन की सरस स्मृतियाँ ही इसकी ऊर्जा के मूल में हैं –

“ठूँठ यह है आज!
गई इसकी कला,
गया है सकल साज!
अब यह वसन्त से होता नहीं अधीर,
पल्लवित झुकता नहीं अब यह धनुष-सा,
कुसुम से काम के चलते नहीं हैं तीर,
छाँह में बैठते नहीं पथिक आह भर,
झरते नहीं यहाँ दो प्रणयियों के नयन-नीर,
केवल वृद्ध विहग एक बैठता कुछ कर याद.”

 

_______________________

गरिमा श्रीवास्तव 

प्रकाशित पुस्तकें : ‘आउशवित्ज : एक प्रेम कथा’, ‘देह ही देश’, ‘चुप्पियाँ और दरारें’, ‘हिन्दी नवजागरण : इतिहास, गल्प और स्त्री प्रश्न’, ‘किशोरीलाल गोस्वामी’, ‘लाला श्रीनिवासदास’, ‘हिन्दी उपन्यासों में बौद्धिक विमर्श’, ‘भाषा और भाषा विज्ञान’, ‘ऐ लड़की में नारी चेतना’, ‘आशु अनुवाद’.

सम्पादित पुस्तकें : ‘उपन्यास का समाजशास्त्र’, ‘जख्म, फूल और नमक’, ‘हृदयहारिणी’, ‘लवंगलता’, ‘वामाशिक्षक’, ‘आधुनिक हिन्दी कहानियाँ’, ‘आधुनिक हिन्दी निबन्ध’, ‘हिन्दी नवजागरण और स्त्री’ शृंखला में सात पुस्तकें—‘महिला मृदुवाणी’, ‘स्त्री समस्या’ ‘हिन्दी की महिला साहित्यकार’, ‘हिन्दी काव्य की कलामयी तारिकाएँ’, ‘स्त्री-दर्पण’, ‘हिन्दी काव्य की कोकिलायें’, ‘स्त्री कवि संग्रह’.

अनुवाद : ‘ए वेरी ईजी डेथ : सिमोन द बोउवार’, ‘ब्राजीली कहानियाँ’, ‘जारवा भाषा : स्वनिमिक अध्ययन’ ‘द ट्रायल’.

सम्प्रति
प्रोफेसर, भारतीय भाषा केन्द्र
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली
ई-मेल : drsgarima@gmail. com

Exit mobile version