सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में इस बार पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को संभालना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना पर्यटन विभाग की प्राथमिकता रहेगी। मेले के दौरान संकरे रास्तों पर लगने वाले जाम और पर्यटकों को होने वाली आवाजाही की परेशानी दूर करने के लिए परिसर के रास्तों को चौड़ा किया जाएगा।
इसके लिए हरियाणा पर्यटन विभाग ने करीब 1.93 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर आमंत्रित किया है। मेला पांच फरवरी से शुरू होकर 21 फरवरी तक चलेगा। इस बार तीन राज्यों को थीम स्टेट बनाने की संभावना है। मेले में सप्ताहांत के दौरान पर्यटकों की संख्या एक से डेढ़ लाख तक पहुंच जाती है। ऐसे में संकरे रास्तों पर लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। इसे देखते हुए विभाग करीब 38.59 लाख रुपये रास्तों को चौड़ा करने पर खर्च करेगा। इसके अलावा परिसर में जिन स्थानों पर अभी कच्चे रास्ते हैं, उन्हें पक्का किया जाएगा।
मेले की पहचान यहां बनाई जाने वाली पारंपरिक हट्स और हस्तशिल्पियों के स्टॉल भी हैं। इनमें से कुछ अस्थायी हट्स घास-फूस से तैयार की जाती है। मेला समाप्त होने के बाद बारिश और अन्य मौसमी प्रभावों के कारण इनकी हालत खराब हो जाती है। ऐसे में अगले आयोजन से पहले इन्हें दुरुस्त करना जरूरी होता है। पर्यटन विभाग ने हट्स की मरम्मत और रखरखाव के लिए करीब 78.08 लाख रुपये के टेंडर आमंत्रित किए हैं।
मेले में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों और हस्तशिल्पियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अन्य आधारभूत ढांचे में भी सुधार किया जाएगा। इसके लिए करीब 76.75 लाख रुपये के कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। पांच फरवरी से मेला शुरू होने के चलते विभाग के पास तैयारियां पूरी करने के लिए लगभग ढाई महीने का समय है। ऐसे में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्धारित समय में काम करवाना विभाग के लिए अहम रहेगा।
