फिट इंडिया के 99वें ‘संडेज ऑन साइकिल’ का आयोजन

गुजरत का गांधीनगर, 22 नवंबर 2026: फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 99वें संस्करण का आयोजन रविवार को देशभर के 26,000 स्थानों पर किया गया। संविधान दिवस की थीम पर आधारित इस आयोजन ने फिटनेस, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में सामूहिक भागीदारी के संदेश को और मजबूत किया।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल तथा श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर स्थित दांडी कुटीर और महात्मा मंदिर में समारोह का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों, खिलाड़ियों और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों के साथ मिलकर सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया।

डॉ. मांडविया ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं का फिट, स्वस्थ और नशामुक्त होना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से साइकिल चलाने को अपना जुनून बनाने और इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

डॉ. मांडविया ने कहा कि “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार विकसित भारत के निर्माण की दिशा में काम कर रही हैं। संडेज ऑन साइकिल के 99वें संस्करण में देशभर के 26,000 स्थानों पर लोगों की भागीदारी इस अवसर को विशेष बनाती है, खासकर तब जब हम 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने जा रहे हैं। फिटनेस केवल कुछ घंटों या किसी विशेष दिन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बनना चाहिए।”

डॉ. मांडविया ने कहा कि साइकिल चलाना केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह फिटनेस को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने का एक माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को न केवल अपने करियर के प्रति, बल्कि अपनी फिटनेस और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को लेकर भी जागरूक होना चाहिए।

डॉ. मांडविया ने साइकिल चलाने को लोकप्रिय जीवनशैली विकल्प बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि साइकिल चलाने में अधिक जनभागीदारी से फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा और एक स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि जब छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास एक साथ मिलते हैं, तो वे बड़ा बदलाव ला सकते हैं और विकसित भारत के दृष्टिकोण में योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा, “फिट इंडिया का सरल मंत्र है कि प्रत्येक नागरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बने। जब हमारे नागरिक फिट होंगे, तो हमारा समाज स्वस्थ होगा और एक समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए स्वस्थ समाज आवश्यक है। आइए हम सभी मिलकर फिटनेस को प्राथमिकता दें और विकसित भारत की यात्रा में योगदान करें।”

100वां संस्करण भारत में ओलंपिक आंदोलन का जश्न मनाएगा

देशभर में बढ़ती जनभागीदारी को आगे बढ़ाते हुए डॉ. मांडविया ने घोषणा की कि 29 नवंबर 2026 को संडेज ऑन साइकिल का 100वां संस्करण देश में ओलंपिक आंदोलन का जश्न मनाएगा।

यह ऐतिहासिक संस्करण ओलंपिक मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और नागरिकों, विशेषकर युवाओं के बीच खेल और शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के संकल्प को दोहराएगा।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी ने संडेज ऑन साइकिल में देशभर में बढ़ती जनभागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिटनेस को अपनी नियमित आदत बनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

Exit mobile version