भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और संघर्ष को सम्मान,जनजाति समाज के उत्थान को समर्पित मोदी-योगी सरकार – अशोक चौरसिया

 

*जनजाति समाज को सम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता का संबल दे रही सरकार*

*शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के अवसरों से जनजाति समाज के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव*

वाराणसी 22 नवम्बर ।रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर रविवार को काशी क्षेत्र जनजाति मोर्चा की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने जनजाति समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजाति समाज के महान नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। जनजाति गौरव दिवस के माध्यम से देश उनकी गौरवशाली विरासत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजाति समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि जनजाति समाज को केवल योजनाओं का लाभ ही नहीं मिले, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से वह आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाए।

अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूहों (PVTGs) तक आवास, पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के जरिए जनजाति बाहुल्य गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजाति विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा छात्रवृत्ति योजनाओं के जरिए उनकी शैक्षिक प्रगति को प्रोत्साहन मिल रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री जनजाति विकास मिशन और वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से आजीविका, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और जनजाति समाज के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाएं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाएं, ताकि विकास की कोई भी पहल अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने से वंचित न रहे।

बैठक में जनजाति मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नागेश्वर प्रसाद गोंड ने अतिथियों का स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विनोद खरवार एवं सरस गोंड तथा प्रदेश उपाध्यक्ष रामनाथ खरवार, शंभू गोंड,भाजपा जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल, क्षेत्रीय महामंत्री राजेंद्र खरवार, सोमनाथ गोंड के साथ ही काशी क्षेत्र के सह मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र मिश्रा आदि मुख्य रुप से उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित गोंड ने किया। इस अवसर पर जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version