एसएससी: सीएचएसएल टियर-1 की सिटी स्लिप जारी, ऐसे चेक करें किस शहर में मिला केंद्र, तीन से 31 दिंसबर तक परीक्षा

कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तर (सीएचएसएल) परीक्षा 2026 की टियर-1 परीक्षा के लिए परीक्षा शहर सूचना पर्ची जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर लॉगिन करके अपने परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं।

एसएससी सीएचएसएल टियर-1 परीक्षा कब होगी?

सीएचएसएल टियर-1 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 3 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर निर्धारित लॉगिन मॉड्यूल के माध्यम से परीक्षा शहर से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

चार भागों में होंगे 100 प्रश्न

टियर-1 परीक्षा में चार भाग होंगे। प्रत्येक भाग में 25 प्रश्न होंगे और हर भाग 50 अंक का होगा।

  • भाग-1: अंग्रेजी भाषा
  • भाग-2: सामान्य बुद्धिमत्ता
  • भाग-3: मात्रात्मक अभिक्षमता
  • भाग-4: सामान्य जागरूकता

परीक्षा में केवल वस्तुनिष्ठ प्रकार के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न अंग्रेजी, हिंदी और आवेदन पत्र में अभ्यर्थी द्वारा चुनी गई भाषा में उपलब्ध होंगे।

गलत उत्तर पर कटेंगे कितने अंक?

आयोग के अनुसार, प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.50 अंक की नकारात्मक अंकन व्यवस्था होगी। अभ्यर्थियों को उत्तर देते समय इसका ध्यान रखने की सलाह दी गई है। परीक्षा के किसी भी चरण या टियर के अंकों के पुनर्मूल्यांकन अथवा दोबारा जांच का प्रावधान नहीं है। इस संबंध में भेजे गए अनुरोधों पर विचार नहीं किया जाएगा।

टियर-2 परीक्षा दो सत्रों में होगी

टियर-2 परीक्षा एक ही दिन दो सत्रों (सत्र-1 और सत्र-2) में आयोजित की जाएगी। सत्र-1 में सेक्शन-1, सेक्शन-2 और सेक्शन-3 होंगे, जबकि सत्र-2 में सेक्शन-4 आयोजित किया जाएगा। सत्र-1 की अवधि 2 घंटे 15 मिनट होगी।

ऐसे डाउनलोड करें परीक्षा शहर सूचना पर्ची

  • एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं।
  • लॉगिन विकल्प पर क्लिक करें और अपनी लॉगिन जानकारी भरें।
  • ‘SSC CHSL Exam City Slip 2026’ लिंक पर क्लिक करें।
  • परीक्षा शहर सूचना पर्ची डाउनलोड करें और भविष्य के लिए उसकी प्रति सुरक्षित रखें।
Exit mobile version