‘भाई बैंड’ ने इफ्फी 2026 में भाईचारे, परंपरा और बदलते समय की एक मधुर गाथा प्रस्तुत की

गुजराती फिल्म ‘भाई बैंड’ का निर्देशन मनीष सैनी ने किया है। यह फिल्म बुधवार को गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 के गाला प्रीमियर खंड में प्रदर्शित की गई। फिल्म की कहानी दो भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने गांव में पारंपरिक शादी-ब्याह में बैंड बजाने का काम करते हैं। दोनों के जीवन में उस समय अप्रत्याशित मोड़ आता है, जब आपसी मतभेद के कारण वे एक-दूसरे से अलग हो जाते हैं। कुछ सप्ताह बाद जब उनमें से एक भाई अपने साथ डीजे सिस्टम और बड़े-बड़े स्पीकर लेकर लौटता है, तो पारंपरिक बैंड के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो जाती है। उसके पास केवल अपने मोबाइल फोन में गानों की एक प्लेलिस्ट होती है। इसके बाद की कहानी में फिल्म यह दर्शाती है कि तकनीकी प्रगति किस प्रकार पारंपरिक व्यवसायों को प्रभावित करती है और परिवार को एकजुट रखने वाले रिश्तों पर इसका क्या असर पड़ता है।

फिल्म के निर्देशक मनीष सैनी ने बुधवार को पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि फिल्म की जड़ें भले ही गुजराती भाषा और उसके सांस्कृतिक परिवेश में हों लेकिन इसका मूल संदेश और कथानक सार्वभौमिक है, जिससे देशभर के दर्शक जुड़ाव महसूस कर सकते हैं। उन्होंने क्षेत्रीय सिनेमा से जुड़ी कलात्मक अभिव्यक्तियों और कहानियों को लोकप्रिय बनाने के महत्व पर भी जोर दिया, ताकि इन्हें व्यापक दर्शकों तक पहुंचाया जा सके। श्री सैनी ने कहा कि उन्हें फिल्म का शीर्षक विशेष रूप से पसंद है क्योंकि इसकी व्याख्या दो भाइयों के बीच आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ-साथ शादी-ब्याह में बजने वाले बैंड के संदर्भ में भी की जा सकती है।

अभिनेता प्रीत कमानी ने ‘भाई बैंड’ को रंगों और उत्साह से लबरेज एक अनूठी फिल्म बताया। उन्होंने अपनी पहली गुजराती फिल्म के अनुभव साझा करते हुए निर्देशक मनीष सैनी के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा किया और फिल्म निर्माण के दौरान मिले सहज माहौल तथा रचनात्मक स्वतंत्रता की सराहना की। अभिनेता ने फिल्म की कास्टिंग प्रक्रिया से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि भूमिका के लिए अंतिम रूप दिए जाने से पहले उन्होंने स्वयं निर्देशक से स्क्रीन टेस्ट लेने का अनुरोध किया था।

अभिनेता चिराग कट्रेचा ने अपने किरदार को समझने और उसमें पूरी तरह ढलने की प्रक्रिया के बारे में बताया, ताकि अपने अभिनय में वास्तविकता और स्वाभाविकता ला सकें। उन्होंने गायक की भूमिका निभाने से जुड़ी चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला और इसे चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ एक रोचक अनुभव बताया।

अभिनेत्री श्रद्धा डांगर ने अपने किरदार के बारे में जानकारी साझा करते हुए
उसे एक प्यारा और खुशमिजाज व्यक्तित्व बताया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए पूरी टीम के साथ काम करने के दौरान मिले सहयोग और बिताए गए आनंददायक समय का उल्लेख किया।

हास्य, संगीत और रोचक कथानक के माध्यम से ‘भाई बैंड’ ऐसी कहानी प्रस्तुत करती है, जो शादी-ब्याह के समारोहों में बदलती संगीत परंपराओं से कहीं आगे जाती है। यह फिल्म प्रौद्योगिकी, पारंपरिक आजीविका और मानवीय रिश्तों के आपसी जुड़ाव से जुड़े सवाल उठाने के साथ-साथ क्षेत्रीय कहानियों की सांस्कृतिक जीवंतता का भी उत्सव मनाती है।

 

Exit mobile version