बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘ईठा’ को लेकर चर्चा में हैं। बता दें कि फिल्म रिलीज होने से पहले ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुकी है। फिल्म के पहले गाने ‘जी जी रे जी’ ने एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इस गाने पर सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ लावणी डांस करके नया रिकॉर्ड बनाया है।
फिल्म के प्रमोशन के लिए पुणे की जील यूनिवर्सिटी में एक खास कार्यक्रम रखा गया। इसमें श्रद्धा कपूर और फिल्म के डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर भी पहुंचे। इस दौरान पारंपरिक कपड़ों में सजी सैकड़ों महिलाओं ने ‘जी जी रे जी’ गाने पर एक साथ डांस किया। सभी महिलाओं ने करीब एक मिनट तक गाने का हुक स्टेप किया। उनकी इस परफॉर्मेंस को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह मिली। इसके बाद फिल्म की टीम को सम्मानित किया गया।
श्रद्धा कपूर को मिला गोल्ड मेडल
इस कार्यक्रम में श्रद्धा कपूर, लक्ष्मण उतेकर और फिल्म की टीम को सर्टिफिकेट और गोल्ड मेडल दिया गया। इस दौरान श्रद्धा हरे रंग की खूबसूरत नौवारी साड़ी में नजर आईं। उन्होंने पारंपरिक गहने भी पहने थे। एक्ट्रेस ने खुद स्टेज पर गाने का हुक स्टेप करके सबका उत्साह बढ़ाया।
कब रिलीज होगी ‘ईठा’?
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में श्रद्धा कपूर महाराष्ट्र की मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। फिल्म के गाने के लिए श्रद्धा ने काफी मेहनत की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिहर्सल के दौरान उन्होंने पैरों में 4-4 किलो के घुंघरू पहनकर डांस किया था। लगातार अभ्यास करने से उनके पैर में सूजन आ गई और मांसपेशियों में चोट भी लगी। इसके बाद उन्हें करीब एक महीने आराम करना पड़ा। फिल्म में श्रद्धा के साथ रणदीप हुड्डा, सिद्धार्थ जाधव और जीशान अय्यूब भी नजर आएंगे।
