वाराणसी:वरुणा पार क्षेत्र की सीवर समस्या का अब होगा स्थाई समाधान, पेयजल भी शत-प्रतिशत घरों में पहुंचेगी*

 

*840 करोड़ की लागत से 381 किमी. सीवर लाइन एवं पेयजल पाइप लाइन परियोजना होगा पूरा*

 

*मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बैठक कर कार्य की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए*

वाराणसी/दिनांक 27 सितम्बर, 2026 । वरुणा पार क्षेत्र की सीवर एवं पेयजल की समस्या के स्थाई समाधान हेतु 840 करोड़ की लागत से 381 किमी लंबी सीवर लाइन बिछाई जायेगी। मंत्री रविन्द्र जायसवाल रविवार को सर्किट हाउस सभागार में विभागीय अधिकारियों एवं वरुणा पार क्षेत्र के सभी पार्षदों के साथ बैठक कर इस कार्य की समीक्षा की। जलनिगम सहित अन्य विभागीय अभियंताओं ने बिछाये जाने वाले सीवर लाइन एवं पेयजल की कार्ययोजना का डिजिटली स्क्रीन पर प्रेजेंटेशन किया। इस दौरान मौजूद पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्र के प्रस्तावित सीवर एवं पेयजल कार्य के संबंध में अभियंताओं से जानकारी ली।

मंत्री रविंद्र जायसवाल ने बताया कि 2011 में अमृत योजना से सीवर एवं पेयजल का कार्य कराया गया था, किन्तु 60 फीसदी क्षेत्रों में यह कार्य शेष रह गया था। अब वरुणा पार के 15 वार्डों का शत-प्रतिशत क्षेत्र में सीवर एवं पेयजल का कार्य पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने अभियंताओं एवं पार्षदों से कहा कि वरुणा पार क्षेत्र में सीवर की समस्या के स्थाई समाधान हेतु शासन स्तर से धनराशि मुहैया कराई गई हैं। उन्होंने जलनिगम के अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि सीवर लाइन बिछाए जाने का कार्य नियोजित तरीके से कराया जाए ताकि कार्य के दौरान क्षेत्रीय जनमानस को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए। सीवर लाइन डाले जाने के दौरान उतनी ही सड़क खोदी जाए, जिससे लोगों को परेशानी न होने पाए। खोदी गई सड़क में सीवर लाइन का कार्य पूर्ण होने पर उसे आवागमन योग्य बनाने के बाद ही आगे की सड़क खोदी जाय। इसी प्रकार पेयजल लाइन का भी कार्य कराया जाय। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए।

बैठक में पार्षद रोहित मिश्रा सहित अन्य पार्षद एवं जल निगम के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Exit mobile version