BREAKING

गाजीपुर

ममतांजलि ग्रुप घोटाला: आरोपी एमडी को लेकर मुहम्मदाबाद पहुंची पुलिस, कार्यालय सील

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)।ममतांजलि ग्रुप (अंजलि ग्रुप) में निवेशकों से घोटाले के आरोप वाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस आरोपी एमडी संतोष यादव को अभिरक्षा में लेकर यूसुफपुर बाजार से मलिकपुरा स्थित उनके कार्यालय पर पहुंची। यहां पुलिस टीम ने कार्यालय परिसर की सघन तलाशी ली और मामले से जुड़े आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इस दौरान मोहल्ले में काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।

आरोप है कि ग्रुप द्वारा निवेशकों को कम समय में ज्यादा मुनाफा देने का लालच देकर काफी अधिक मात्रा में धन इकट्ठा किया गया। इसी मामले में गाजीपुर सदर कोतवाली पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मुहम्मदाबाद आई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों को अपने कब्जे में लिया। साक्ष्यों को विधिवत सुरक्षित और सीलबंद करने के बाद पूरे कार्यालय को भी सील कर दिया गया।

आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम आरोपी एमडी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वापस गाजीपुर ले गई।

कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि इस संबंध में सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। जो भी निवेशक अपना बयान दर्ज कराना चाहता है, वह वहां जाकर अपना बयान दर्ज करा सकता है। सदर पुलिस के सहयोग में यहां की पुलिस भी मलिकपुरा स्थित कार्यालय पर गई थी। पूरी जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि कितने रुपए का मामला है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts