BREAKING

महाराष्ट्र

उपराष्ट्रपति ने यवतमाल में जवाहरलाल दरड़ा की आदमकद कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज महाराष्ट्र के यवतमाल स्थित प्रियदर्शिनी सहकारी सूत गिरणी में स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता, पत्रकार एवं लोकमत मीडिया समूह के संस्थापक स्वर्गीय श्री जवाहरलाल दरड़ा की आदमकद कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया।

इससे पूर्व उपराष्ट्रपति ने यवतमाल स्थित प्रेरणा स्थल का दौरा किया और स्वर्गीय श्री जवाहरलाल दरड़ा को पुष्पांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बाबूजी के जीवन को देशभक्ति, जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण की एक उल्लेखनीय यात्रा बताया। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम, विशेष रूप से वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी बाबूजी ने राजनेता, जनप्रतिनिधि, मंत्री और पत्रकार के रूप में राष्ट्र की सेवा जारी रखी। उन्होंने महाराष्ट्र के विकास, राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देने में उनके योगदान को भी रेखांकित किया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्वर्गीय श्री दरड़ा ने उद्योग, ऊर्जा, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कृषि और सहकारिता सहित अनेक सेक्टरों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विशेष रूप से वर्ष 1993 की उनकी ऐतिहासिक औद्योगिक नीति का उल्लेख किया, जिसने महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया। उन्होंने यवतमाल में सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना में बाबूजी के योगदान को भी याद किया, जो प्रत्येक क्षेत्र तक विकास के अवसर पहुंचाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts