वाराणसी में 28 नवंबर शुरू होने वाले काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
इसके तहत कुल 52 स्थानों पर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने की व्यवस्था बनाई गई है। यातायात पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 28 नवंबर को सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक अलग-अलग मार्गों पर प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। कुछ मार्गों पर वीवीआईपी आगमन और प्रस्थान से निर्धारित समय पहले ही यातायात रोक दिया जाएगा।
ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर भी रोक
यातायात पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी अलग से प्रतिबंध निर्धारित किए हैं। सुबह नौ बजे से पुलिस लाइन-चौकाघाट-तेलियाबाग मार्ग, लहुराबीर-मैदागिन-विश्वेश्वरगंज मार्ग तथा चौकाघाट-गोलगड्डा-सूजाबाद-पड़ाव मार्ग पर इनका संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू के बीच लहरतारा और भिखारीपुर मार्ग पर सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। वहीं, बीएचयू से भिखारीपुर होते हुए मंडुवाडीह स्टेशन तथा रामनगर से बीएचयू तक ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक बंद रहेगा।
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हरहुआ, तरना, कैंट और कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। लकड़ीमंडी तिराहे से रूट जीरो होने पर कैंट ओवरब्रिज से भी वाहनों को गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
सरैया पुलिस चौकी की ओर से कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर जाने वाले वाहनों को पांचकोशी चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। राजघाट पुल पर सूजाबाद की ओर से आने वाले चार पहिया और मालवाहक वाहनों का आवागमन भी सुबह नौ बजे से बंद रहेगा। इन्हें बहादुर मोड़ और रामनगर चौराहे की ओर भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस की अपील, वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात ने आम नागरिकों से अपील की है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। जरूरी होने पर अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।









