BREAKING

Uncategorized

एशियाई खेल-2026 के कांस्य पदक विजेता रोहित यादव का बरेका आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन

 

बरेका परिवार ने गर्मजोशी से किया स्वागत, उपलब्धि पर जताया गर्व

बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने माला पहनाकर, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन एवं सम्मान किया

वाराणसी। एशियाई खेल-2026 में जैवलिन थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश एवं बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का गौरव बढ़ाने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं बरेका कर्मी श्री रोहित यादव के बरेका आगमन पर आज उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

श्री रोहित यादव के बरेका पहुंचने पर मुख्य प्रवेश द्वार पर बरेका के अधिकारियों, कर्मचारियों, खेलकूद संघ के पदाधिकारियों, कर्मचारी परिषद के सदस्यों, विभिन्न खेल अकादमियों के प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य प्रवेश द्वार से सिनेमा हॉल होते हुए प्रशासन भवन तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई। पूरे मार्ग में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण रहा। उपस्थित लोगों ने तालियों एवं शुभकामनाओं के साथ इस गौरवशाली उपलब्धि का उत्सव मनाया।

इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने श्री रोहित यादव से मुलाकात कर उन्हें एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री रोहित यादव ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से न केवल देश का मान बढ़ाया है, बल्कि बरेका को भी अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता बरेका के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं अध्यक्ष, बरेका खेलकूद संघ श्री मनीष कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं महासचिव, बरेका खेलकूद संघ श्री अनुराग कुमार गुप्ता, उप महाप्रबंधक श्री सागर, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (टूलिंग एवं मॉड) एवं सचिव, एथलेटिक्स श्री राजेश कुमार, जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, सहायक क्रीड़ा अधिकारी श्री धनंजय कुमार सिंह, एथलीट कोच श्रीमती रानी यादव सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त संयुक्त सचिव, कर्मचारी परिषद श्री प्रदीप कुमार यादव, कर्मचारी परिषद के सदस्य श्री नवीन कुमार सिन्हा, श्री सुशील कुमार सिंह, श्री मनीष कुमार सिंह, श्री श्रीकांत यादव, श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह एवं श्री संतोष कुमार यादव सहित बरेका की विभिन्न खेल अकादमियों के प्रशिक्षक, खिलाड़ी, बड़ी संख्या में कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

श्री रोहित यादव की यह उपलब्धि बरेका की समृद्ध खेल परंपरा, उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण एवं खिलाड़ियों के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उनकी सफलता बरेका के युवा खिलाड़ियों एवं आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts