BREAKING

राजनीतिक

सोनिया बोलीं- सच बताने के लिए लिखी किताब

कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकक्षा का सोमवार को विमोचन हुआ। उनकी किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ है। इसका आसान हिंदी अर्थ है- ‘अपनापन: प्यार का एक सफर’। सोनिया गांधी ने कार्यक्रम में किताब लिखने के पीछे की वजह बताई। उन्होंने कहा, मेरे परिवार के बारे में बहुत कुछ कहा गया है। मुझे किताब लिखने के लिए राहुल गांधी और प्रियंका ने प्रेरित किया। शुरू में मेरे लिए यह बहुत मुश्किल था।

किताब लिखने की वजह क्या बताई?
सोनिया गांधी ने कहा कि उन्होंने यह किताब इसलिए लिखी, क्योंकि उनके परिवार के बारे में वर्षों से बहुत कुछ कहा गया, जिसमें से काफी बातें उनके मुताबिक वास्तविकता से दूर थीं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सास इंदिरा गांधी, पति राजीव गांधी और बेटे राहुल गांधी के बारे में भी कई ऐसी बातें कही गईं, जो सही नहीं थीं। उन्होंने कहा कि लोगों के सामने अपने परिवार और अपने जीवन का पक्ष रखने की इच्छा ही इस किताब को लिखने की बड़ी वजह बनी। इससे पहले भी सोनिया गांधी ने कहा था कि वह अपने परिवार को वैसे पेश करना चाहती थीं जैसे उन्होंने उन्हें देखा और जाना।

उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनके लिए अपनी निजी जिंदगी के बारे में लिखना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्हें किताब लिखने के लिए प्रेरित किया। लंबे समय तक अपने निजी जीवन को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने के कारण संस्मरण लिखना उनके लिए कठिन था, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें लगा कि अपनी कहानी अपने शब्दों में कहना जरूरी है। उन्होंने पुस्तक को राजनीतिक किताब के बजाय एक व्यक्तिगत संस्मरण बताया है, जिसमें राजनीति, पृष्ठभूमि की तरह मौजूद है।
किताब को मिली प्रतिक्रिया पर सोनिया गांधी ने कहा कि लोगों ने जिस तरह स्नेह और अपनापन दिखाया है, उससे वह अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि पाठकों की टिप्पणियों, किताब खरीदने में दिखाई गई दिलचस्पी और आलोचकों की प्रतिक्रियाओं ने भी उन्हें छुआ है। सोनिया गांधी ने आलोचना को जरूरी बताते हुए कहा कि कुछ टिप्पणियां काफी तीखी या खराब स्वाद वाली होती हैं, जबकि कुछ आलोचनाएं वास्तविक और ईमानदार होती हैं, जिनमें लोग साफ तौर पर बताते हैं कि उन्हें क्या सही लगा और क्या नहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts