कानपुर के कल्याणपुर स्थित उज्ज्वला योजना चौराहे पर बुलडोजर चलाने का विवाद अब थाम नहीं रहा। चौराहे पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रतीक के रूप में 10 फीट ऊंचा सिलेंडर लगाया गया था।
इस पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना लिखा हुआ था। कई संगठनों ने इस सिलेंडर पर महापुरुषों की तस्वीरें लगाकर चौराहे का नाम बदलने की मांग की थी।
चौराहा तोड़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बाद अब कई अन्य संगठन भी विरोध में उतर आए हैं। संगठनों ने इसे महापुरुषों का अपमान बताते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
साथ ही चौराहे को दोबारा बनवाने और इसका नाम महापुरुषों के नाम पर रखने की मांग की है। संगठनों ने मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
कल्याणपुर के केशवपुरम में स्थित इस चौराहे को लोग सिलेंडर चौराहे के नाम से भी जानते थे। यहां प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रतीक के रूप में करीब 10 फीट ऊंचा सिलेंडर लगाया गया था। इस पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना लिखा हुआ था।
चौराहे पर बुलडोजर चलाकर इसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद ट्रैक्टर में मलबा भरकर वहां से हटा दिया गया। चौराहे की जगह पूरी तरह साफ कर दी गई थी। मौके को देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे वहां पहले कभी कोई चौराहा बना ही नहीं था।
चौराहा तोड़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सबसे पहले समाजवादी पार्टी की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपकर चौराहे को तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इस कार्रवाई को महापुरुषों का अपमान भी बताया। दरअसल, चौराहे पर सिलेंडर के साथ कई संगठनों ने महापुरुषों की तस्वीरें लगा दी थीं और इसका नाम बदलने की मांग की थी।









