BREAKING

उत्तर प्रदेश

प्रयागराज : मंत्री नंदी की मां विमला देवी का निधन, सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने जताया शोक

प्रयागराज ।उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की मां विमला देवी का बुधवार को सुबह निधन हो गया। मंत्री ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट करके जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी शोक जताया। अंतिम संस्कार दोपहर बाद तीन बजे दारागंज घाट पर किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की मां विमला देवी का बुधवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। वहीं, मंत्री नंदी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर मां को याद किया। उन्हें सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में लोग बहादुरगंज स्थित उनके आवास पर पहुंच रहे हैं।
मंत्री नंदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘आज मां की छाया सिर से दूर हो गई।’ उन्होंने कहा कि पिता के निधन के बाद मां ने ही परिवार को संभाला था। उनका स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद हर कठिनाई से जूझने का संबल था। उनकी उपस्थिति जीवन में ईश्वरीय मौजूदगी जैसी थी।
मंत्री नंदी ने अत्यंत वेदना के साथ मां के निधन की सूचना साझा करते हुए बताया कि अंतिम यात्रा बुधवार अपराह्न तीन बजे निज आवास बहादुरगंज से दारागंज श्मशान घाट के लिए रवाना होगी। यहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि पूज्य माताजी का निधन अत्यंत दुखद है। उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को सद्गति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी शोक जताते हुए कहा कि मंत्री नंदी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनकी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मंत्री नंदी की मां के निधन की खबर मिलने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बहादुरगंज स्थित आवास पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने आवास पर पहुंचकर जताई संवेदना
मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की माता विमला देवी के निधन की खबर पाकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने नंदी के आवास बहादुरगंज पहुंचकर संवेदना जताई। इसके अलावा भाजपा के कई नेताओं के साथ तमाम लोगों ने पहुंचकर संवेदना व्यक्त की।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts