BREAKING

Uncategorized

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा के फरीदाबाद में अस्पताल कर्मचारियों द्वारा शव वाहन उपलब्ध न कराए जाने के कारण एक महिला और उसकी बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कचरा वाहन में ले जाए जाने की घटना पर स्वतः संज्ञान लिया

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने एक मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें कहा गया है कि हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित सिविल अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम जांच के लिए एक महिला और उसकी बेटी के शवों को एक अस्पताल से कचरा वाहन में ले जाया गया। 14 नवंबर, 2026 को फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके में एक सड़क दुर्घटना में लगी चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अस्पताल के कर्मचारियों ने उनके परिवार के सदस्यों को शव ले जाने के लिए शव वाहन उपलब्ध नहीं कराया।

आयोग ने टिप्पणी की है कि यदि मीडिया रिपोर्ट की बातें सच हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा है। भारत के संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और मानवीय गरिमा का अधिकार मृतकों पर भी लागू होता है। इसके तहत अधिकारियों और संस्थानों के लिए शवों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना आवश्यक है। आयोग ने इसके अनुपालन के लिए 14 मई, 2021 को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इस संबंध में एक परामर्श भी जारी किया था। इसलिए आयोग ने हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव और फरीदाबाद के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

17 नवंबर 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नगर निगम के नवादा कचरा डंपिंग यार्ड में काम करने वाली महिला अपने पति और बेटी के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रही थी और इसी दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वे दुर्घटना का शिकार हो गए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts