त्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ही मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने में जुटे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कई बड़े वादे किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान फिर से शुरू किया जाएगा। इसके साथ मिलने वाला मासिक मानदेय भी 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये किया जाएगा।
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा कार्यालय में हुआ सुंदरकांड
रविवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाई गई। इस मौके पर सुंदरकांड का पाठ भी किया गया। कार्यक्रम के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी हमेशा मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़े रहते थे। उन्होंने जरूरतमंदों की मदद की और प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम किया।
अखिलेश ने अपनी सरकार के कार्यकाल की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मेधावी छात्रों को लैपटॉप बांटना और प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित करने के लिए यश भारती पुरस्कार शुरू करना समाजवादी आंदोलन की सोच का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर इन योजनाओं को फिर से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान अखिलेश यादव ने अलग-अलग संस्थानों के मेधावी छात्रों को लैपटॉप भी बांटे। उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, “लैपटॉप केवल एक साधन है, असली सफलता मेहनत और दृढ़ संकल्प से मिलती है।”
लखनऊ की लॉ यूनिवर्सिटी को देश के बड़े संस्थानों में शामिल करने का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लखनऊ की लॉ यूनिवर्सिटी को देश के अग्रणी संस्थानों में शामिल करने के लिए जरूरी बजट और सुविधाएं दी जाएंगी। छात्राओं के लिए बेहतर और सुरक्षित हॉस्टल बनाए जाएंगे। उनका लक्ष्य विश्वविद्यालय में दुनिया के स्तर की सुविधाएं विकसित करना होगा।
चिकित्सा संस्थानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सपा सरकार ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, राम मनोहर लोहिया संस्थान और सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में चिकित्सा कर्मचारियों को संजय गांधी पीजीआई के समान सुविधाएं दी थीं।
मेडिकल कर्मचारियों के वेतन में अंतर पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर मेडिकल छात्रों के लिए ‘वन बॉन्ड, वन सैलरी’ व्यवस्था लागू की जाएगी।
मुलायम सिंह यादव की याद में सैफई में बनेगा स्मारक
अखिलेश यादव ने बताया कि सैफई में मुलायम सिंह यादव के सम्मान में स्मारक बनाने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इसका उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के समय सैफई और लखनऊ में बनाए गए स्कूलों को बाद की सरकारों ने बर्बाद कर दिया।









