BREAKING

वाराणसी

बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन

वाराणसी, 23 नवम्बर। बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर आज श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान श्री हरि विष्णु के प्रमुख विग्रहों का विधि-विधानपूर्वक विशेष पूजन-अर्चन एवं आरती संपन्न की गई। इस अवसर पर मुख्य मंदिर परिसर में गर्भगृह एवं दण्डपाणि मंडप के मध्य स्थित बैकुंठ जी के विग्रह का विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को बैकुंठ चतुर्दशी के रूप में मनाया जाता है। पौराणिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना करने का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु ने इस दिन भगवान शिव को सहस्र कमल पुष्प अर्पित कर उनकी आराधना की थी। इस पावन अवसर पर श्रद्धालु भगवान विष्णु एवं भगवान शिव का पूजन कर सुख, समृद्धि, मोक्ष एवं आध्यात्मिक कल्याण की कामना करते हैं।
बैकुंठ जी का विशेष पूजन एवं सहस्रार्चन
बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर मुख्य मंदिर परिसर स्थित बैकुंठ जी का सर्वप्रथम षोडशोपचार विधि से विधिवत पूजन किया गया। तत्पश्चात वैकुण्ठेश्वर महादेव जी को तुलसी अर्पित करते हुए श्री विष्णु सहस्रनाम के पाठ के साथ सहस्रार्चन संपन्न कराया गया। अनुष्ठान के दौरान भगवान बैकुंठ जी को लड्डू एवं विभिन्न फल सहित विविध नैवेद्य अर्पित किए गए। इसके उपरांत विधिवत महाआरती संपन्न हुई।
इस शुभ अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी सहित मंदिर न्यास के कार्मिकों एवं अन्य अधिकारीयों ने भी तुलसी दल अर्पित कर पूजन-अर्चन में सहभागिता की।
समस्त पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के अर्चक के पौरोहित्य में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts