BREAKING

वाराणसी

छठ पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से मनाने हेतु जिला प्रशासन की अपील

 

घाटों एवं जलाशयों पर विशेष सतर्कता बरतें, प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें एवं दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

वाराणसी।छठ महापर्व के अवसर पर जनपद वाराणसी के विभिन्न गंगा घाटों, तालाबों, सरोवरों एवं अन्य जलाशयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने तथा अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा जनसामान्य से विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की गई है। छठ पर्व आस्था, श्रद्धा, स्वच्छता एवं लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर घाटों एवं जलाशयों पर अत्यधिक भीड़ एकत्रित होने के कारण जल में डूबने, फिसलन, भगदड़, नाव दुर्घटना, विद्युत दुर्घटना तथा अग्निकांड जैसी संभावित घटनाओं की आशंका बनी रहती है। अतः पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक एवं जिम्मेदार होना आवश्यक है।

जिला प्रशासन द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि वे छठ पूजा एवं अर्घ्य देने के लिए केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें। प्रतिबंधित, असुरक्षित अथवा अत्यधिक गहराई वाले स्थानों पर जाने से बचें। नदी एवं अन्य जलाशयों में प्रवेश करते समय जल की गहराई, बहाव एवं जलस्तर का विशेष ध्यान रखें तथा निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर ही रहकर पूजा-अर्चना करें। घाटों पर प्रशासन द्वारा की गई बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतों एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का पूर्ण पालन करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से रुकने, धक्का-मुक्की करने अथवा दौड़ने से बचें तथा निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का ही उपयोग करें।

श्रद्धालुओं के लिए क्या करें (DO’s):

1. पूजा-अर्चना एवं सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घाटों एवं जलाशयों का ही चयन करें।
2. घाटों पर पहुंचने एवं वापस लौटने के लिए निर्धारित मार्गों का उपयोग करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
3. नदी एवं जलाशयों में प्रवेश करते समय जल की गहराई एवं बहाव का ध्यान रखें तथा निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर ही रहें।
4. बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के साथ विशेष सावधानी बरतें। बच्चों को घाटों पर अकेला न छोड़ें तथा उनका हाथ पकड़कर रखें।
5. घाटों की सीढ़ियों, फिसलन वाले स्थानों एवं जलमग्न क्षेत्रों में धीरे-धीरे एवं सावधानीपूर्वक आवागमन करें।
6. नाव से यात्रा करते समय केवल अधिकृत नावों का उपयोग करें तथा नाव में सवार सभी व्यक्तियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना सुनिश्चित करें।
7. घाटों पर विद्युत पोल, खुले तारों एवं अस्थायी विद्युत कनेक्शन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
8. दीपक एवं अन्य पूजा सामग्री का उपयोग सुरक्षित स्थान पर एवं सावधानीपूर्वक करें।
9. घाटों पर तैनात पुलिसकर्मियों, जल पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बचाव दल के निर्देशों का पालन करें।
10. भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने परिवार के सदस्यों के साथ संपर्क बनाए रखें तथा बच्चों की पहचान एवं अभिभावक का मोबाइल नंबर अपने पास रखें।
11. किसी व्यक्ति के डूबने अथवा दुर्घटना की स्थिति में तत्काल मौके पर उपस्थित पुलिस, जल पुलिस अथवा प्रशिक्षित बचाव दल को सूचना दें।
12. भीड़ में भगदड़ अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर शांत रहें तथा निर्धारित निकास मार्ग से सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ें।
13. पूजा सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को निर्धारित कूड़ेदान अथवा संग्रहण स्थल पर ही डालें तथा घाटों की स्वच्छता बनाए रखें।
14. मौसम संबंधी चेतावनियों एवं जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के प्रति सतर्क रहें।

श्रद्धालुओं के लिए क्या न करें (DON’Ts):

1. किसी भी परिस्थिति में गहरे पानी में न जाएं तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित सीमा का उल्लंघन न करें।
2. प्रतिबंधित, असुरक्षित एवं निर्जन घाटों पर पूजा-अर्चना अथवा स्नान न करें।
3. बच्चों को अकेले नदी, तालाब अथवा अन्य जलाशयों के निकट न जाने दें।
4. नदी में तैरने, छलांग लगाने अथवा एक-दूसरे को पानी में धकेलने जैसी गतिविधियां न करें।
5. नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक व्यक्तियों को न बैठें तथा बिना लाइफ जैकेट के नाव में यात्रा न करें।
6. नाव के किनारों पर खड़े होकर यात्रा न करें तथा नाव में अनावश्यक हलचल न करें।
7. घाटों पर दौड़ने, धक्का-मुक्की करने एवं अनावश्यक भीड़ एकत्रित करने से बचें।
8. खुले विद्युत तारों, विद्युत पोल, जनरेटर अथवा अस्थायी विद्युत कनेक्शन को न छुएं।
9. घाटों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पटाखों, आतिशबाजी एवं ज्वलनशील पदार्थों का प्रयोग न करें।
10. नशे की अवस्था में नदी अथवा अन्य जलाशयों के निकट न जाएं तथा नाव का संचालन न करें।
11. नदी एवं जलाशयों में प्लास्टिक, पॉलीथिन, कूड़ा-कचरा अथवा पूजा सामग्री न फेंकें।
12. प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतों एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों का उल्लंघन न करें।
13. किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे प्रसारित करें।
14. जल दुर्घटना अथवा किसी व्यक्ति के डूबने की स्थिति में स्वयं जोखिम उठाकर पानी में उतरकर बचाव का प्रयास न करें। तत्काल प्रशिक्षित बचाव दल को सूचना दें।

नाविकों एवं आयोजकों से विशेष अपील:
घाटों पर पूजा आयोजन करने वाले आयोजक एवं नाविक सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें। नाविक नावों का संचालन निर्धारित क्षेत्र में ही करें, नाव की निर्धारित क्षमता का उल्लंघन न होने दें तथा प्रत्येक यात्री के लिए लाइफ जैकेट की उपलब्धता एवं उसका उपयोग सुनिश्चित करें। घाटों पर अस्थायी विद्युत व्यवस्था सुरक्षित ढंग से कराएं तथा खुले तारों एवं असुरक्षित विद्युत कनेक्शन को तत्काल ठीक कराएं। पूजा स्थलों पर आवागमन एवं निकास के रास्ते अवरुद्ध न करें तथा भीड़ को नियंत्रित रखने में सहयोग प्रदान करें।

आपातकालीन स्थिति में क्या करें:
किसी भी प्रकार की जल दुर्घटना, व्यक्ति के डूबने, आगजनी, विद्युत दुर्घटना, भगदड़ अथवा अन्य आपात स्थिति उत्पन्न होने पर घबराएं नहीं और तत्काल मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों, जल पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों अथवा बचाव दल को सूचित करें। आवश्यकता पड़ने पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, वाराणसी के आपदा हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करें।

जिला प्रशासन समस्त जनपदवासियों, श्रद्धालुओं, घाटों के आयोजकों एवं नाविकों से अपील करता है कि वे छठ महापर्व को पूर्ण श्रद्धा, उल्लास, स्वच्छता, अनुशासन एवं सुरक्षा के साथ मनाएं। पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वयं सतर्क रहें, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें तथा किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।

आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है। सुरक्षित छठ, सुरक्षित वाराणसी।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, वाराणसी द्वारा जनहित में जारी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts