मुंबई: दीपावली का त्योहार आते ही हर तरफ मां लक्ष्मी की पूजा और उनके स्वागत की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। घरों में दीप जलाए जाते हैं, रंगोली सजाई जाती है और लोग सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। मां लक्ष्मी को धन और वैभव की देवी माना जाता है। देश में उनके कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, लेकिन तमिलनाडु के वेल्लोर में बना श्री लक्ष्मी नारायणी मंदिर अपनी खूबसूरती और खास बनावट के कारण सबसे अलग है। इसे श्रीपुरम गोल्डन टेंपल के नाम से भी जाना जाता है। इस मंदिर की खास बात यह है कि इसका बड़ा हिस्सा सोने से सजा हुआ है। दूर से देखने पर इसकी चमक लोगों का ध्यान खींचती है।
श्री लक्ष्मी नारायणी मंदिर तमिलनाडु के वेल्लोर के पास थिरुमलाइकोडी इलाके में स्थित है। यह करीब 100 एकड़ में फैला हुआ है। मंदिर का निर्माण श्री नारायणी पीठम ट्रस्ट ने कराया है और साल 2007 में इसकी स्थापना की गई थी। इस मंदिर को गोल्डन टेंपल कहने की सबसे बड़ी वजह इसकी सोने से की गई सजावट है। मंदिर को बनाने में 1.5 टन से ज्यादा सोने का इस्तेमाल किया गया है।







