भांखरी डंपिंग यार्ड में कूड़े में लगी आग 48 घंटे बाद भी नहीं बुझ पाई है। सोमवार शाम करीब छह बजे लगी आग बुधवार देर शाम तक सुलगती रही। इससे उठ रहे धुएं ने आसपास की सोसाइटियों और गांवों में रहने वाले करीब 50 हजार लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। घरों के अंदर तक धुआं पहुंचने से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। लोगों को रातभर खिड़की-दरवाजे बंद रखने के बावजूद राहत नहीं मिली।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की छह गाड़ियां और तीन जेसीबी मौके पर लगाई गई हैं। इसके बावजूद कूड़े के ढेर में आग लगातार सुलग रही है और धुआं उठ रहा है। फायर अधिकारी सुखवीर ने बताया कि सोमवार शाम छह बजे से टीमें आग बुझाने में जुटी हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।









