पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपनी राजनीतिक पारी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने ‘जननीति भारत’ नाम से नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की है। यह पार्टी उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। दिव्या मित्तल ने कहा कि समस्या राजनीति की कमी नहीं, बल्कि लोगों की सुनवाई नहीं होने की है। उन्होंने जनता की भागीदारी, जरूरत के आधार पर फैसले और जवाबदेही को अपनी राजनीतिक सोच का आधार बताया।
वीडियो संदेश में दिव्या मित्तल ने बताया कि पिछली बार राजनीति में आने की बात कहने के बाद उन्होंने लोगों से संपर्क के लिए एक नंबर साझा किया था। इस पर इतने संदेश आए कि व्हाट्सएप ने नंबर को रोक दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इतने बड़े पैमाने पर लोगों की प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद नहीं थी। इसकी समुचित व्यवस्था नहीं कर पाने के कारण लोगों को हुई असुविधा के लिए उन्होंने माफी भी मांगी।लोगों की प्रतिक्रिया का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ, जैसे वह सूरज के सामने दिया लेकर खड़ी हों, जबकि उन्हें सिर्फ खिड़की खोलनी थी। उनके इस कथन के जरिए जनता की भागीदारी और समर्थन को लेकर अपने अनुभव को साझा किया।