BREAKING

राष्ट्रीय

भारतीय नौसेना आईएनएस चिल्का में अग्निवीरों के सबसे बड़े बैच की पासिंग आउट परेड आयोजित करेगी

भारतीय नौसेना का प्रमुख प्रारंभिक प्रशिक्षण संस्थान आईएनएस चिल्का में 13 नवंबर को भारतीय नौसेना के अग्निवीरों और भारतीय तटरक्षक बल के नाविकों के नौवें बैच की पासिंग आउट परेड आयोजित होगी। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन इस परेड में मुख्य अतिथि और निरीक्षण अधिकारी होंगे।

इस परेड के साथ 3,300 से अधिक प्रशिक्षुओं का 16 सप्ताह का प्रारंभिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा होगा। यह आईएनएस चिल्का से प्रशिक्षण प्राप्त कर उत्तीर्ण होने वाला अब तक का सबसे बड़ा बैच होगा। यह परेड एक गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन का प्रतीक होगी, जिसका उद्देश्य युवा प्रशिक्षुओं को अनुशासित, शारीरिक रूप से सक्षम, मानसिक रूप से दृढ़ और पेशेवर रूप से दक्ष समुद्री योद्धाओं के रूप में तैयार करना है।

प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में शैक्षणिक अध्ययन, शारीरिक प्रशिक्षण, तैराकी, परेड प्रशिक्षण, बाहरी गतिविधियों और शिविरों को शामिल किया गया है, ताकि प्रशिक्षुओं को उनके पेशेवर जीवन की शुरुआत के लिए एक समग्र आधार प्रदान किया जा सके। इसके साथ ही चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आपसी सौहार्द और टीम भावना विकसित करने पर समान रूप से जोर दिया जाता है। इस दौरान नौसेना के मूल मूल्यों कर्तव्य, सम्मान और साहस की भावना भी प्रशिक्षुओं में विकसित की जाती है।

पासिंग आउट परेड प्रशिक्षुओं के लिए गर्व और उपलब्धि का विशेष अवसर होगी। इस अवसर पर उनके परिवारजन उनके प्रशिक्षण की सफल पूर्णता और एक नए पेशेवर जीवन की शुरुआत के साक्षी बनेंगे। इसके अतिरिक्त, नौसेना के पूर्व सैनिक और विशिष्ट अतिथि भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।

समापन समारोह की अध्यक्षता दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रशिक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए मेधावी प्रशिक्षुओं, चैंपियन डिवीजन और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका ‘अंकुर’ का विमोचन भी किया जाएगा।

पासिंग आउट परेड का भारतीय नौसेना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे देशभर के नागरिक इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बन सकेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts