वाराणसी:सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परम्परा पर राष्ट्रीय परीक्षा 21 नवंबर को
*भारतीय ज्ञान प्रणाली के प्रति जागरूकता एवं अकादमिक विकास को मिलेगा प्रोत्साहन, विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार और प्रमाण-पत्र*
वाराणसी 17 अक्टूबर 2026।सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परम्परा (IKS) से जोड़ने तथा भारतीय ज्ञान प्रणाली के प्रति उनकी समझ और अकादमिक अभिरुचि विकसित करने के उद्देश्य से ‘भारत बौद्धिक ज्ञान प्रणाली 2.0 राष्ट्रीय परीक्षा-2026’ (Bhart BoudhIKS 2.0 National Examination-2026) का आयोजन 21 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
उक्त आशय की जानकारी छात्र कल्याण संकाय प्रमुख प्रो शैलेश कुमार मिश्र ने देते हुए बताया कि इस परीक्षा का आयोजन भारतीय उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय का IKS Division ज्ञान भागीदार है।
विश्वविद्यालय द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को जारी अत्यावश्यक सूचना के अनुसार, परीक्षा में कला, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान से संबंधित विषय-वस्तु सम्मिलित होगी। इसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।
*31 अक्टूबर तक करा सकते हैं पंजीकरण*
परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकता है। पंजीकरण शुल्क ₹100 निर्धारित है। इच्छुक विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट https://www.bhartboudhiks.com के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए विश्वविद्यालय परिचय-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा सरकारी पहचान-पत्र, ईमेल और मोबाइल नंबर आवश्यक होंगे।
*विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार*
परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹50,000, द्वितीय पुरस्कार के रूप में ₹25,000 तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में ₹2,500 प्रदान किए जाएंगे। प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा।









