BREAKING

अंतर्राष्ट्रीय

दुनिया के 500 ताकतवर मुस्लिमः टॉप 50 में महमूद मदनी इकलौते भारतीय

पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ दुनिया के सबसे प्रभावशाली मुस्लिमों की सूची में शामिल हुए हैं. जॉर्डन के एक थिंक टैंक की ओर से जारी 2027 की ‘द मुस्लिम 500’ सूची में दोनों को सऊदी अरब के किंग सलमान, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन के साथ शीर्ष स्थान दिया गया है.

इस सूची में भारत से सिर्फ एक व्यक्ति मौलाना महमूद मदनी टॉप-50 में जगह बना सके हैं. जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मदनी को 18वां स्थान मिला है. पिछले साल के मुकाबले उनकी रैंकिंग में दो स्थान की गिरावट आई है.

यह सूची जॉर्डन के अम्मान स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर (RISSC) ने तैयार की है. इसके 18वें संस्करण में दुनिया के 500 प्रभावशाली मुस्लिमोंको शामिल किया गया है. इनमें से पहले 50 लोगों को रैंकिंग दी गई है, जबकि बाकी 450 लोगों को अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, असीम मुनीर और शहबाज शरीफ की रैंकिंग में इतनी बड़ी छलांग की वजह पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच हुआ मक्का संयुक्त रक्षा समझौता है. तीनों देशों ने अगस्त में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे.

इस समझौते के तहत किसी एक सदस्य देश पर सशस्त्र हमला होने की स्थिति में उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा. रिपोर्ट में इसे मुस्लिम देशों के बीच सुरक्षा सहयोग की दिशा में बड़ा कदम बताया गया है.

असीम मुनीर और शहबाज शरीफ 2026 की सूची में 500 लोगों के समूह में शामिल थे, लेकिन उन्हें व्यक्तिगत रैंकिंग नहीं मिली थी. अब 2027 की सूची में दोनों शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं.

रिपोर्ट में मुनीर को पाकिस्तान की सेना का प्रमुख बताया गया है, जिसका देश की वास्तविक सत्ता और फैसलों पर काफी प्रभाव है. उनके सैन्य और कूटनीतिक प्रभाव का जिक्र करने के साथ रिपोर्ट में पाकिस्तान में राजनीतिक दमन और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर उठने वाली आलोचनाओं का भी उल्लेख किया गया है.

कौन हैं टॉप-50 में शामिल इकलौते भारतीय महमूद मदनी?

मौलाना महमूद मदनी जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. यह देश के प्रमुख सामाजिक और धार्मिक संगठनों में से एक है. इसकी स्थापना 1919 में देवबंदी विद्वानों ने की थी.

मदनी ने 1992 में दारुल उलूम देवबंद से पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद वे जमीयत उलेमा-ए-हिंद से जुड़ गए. उनके दादा हुसैन अहमद मदनी 1957 तक संगठन के प्रमुख रहे. इसके बाद उनके पिता असद मदनी ने संगठन की जिम्मेदारी संभाली. 2006 में पिता के निधन के बाद महमूद मदनी संगठन में सक्रिय हुए.

वे 2001 से 2021 तक जमीयत के महासचिव रहे. इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया.

‘द मुस्लिम 500’ की रिपोर्ट में अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए उनकी कानूनी लड़ाई का खास तौर पर जिक्र किया गया है. इसमें नागरिकता, धार्मिक स्वतंत्रता और आतंकवाद के मामलों में कथित तौर पर गलत तरीके से फंसाए गए लोगों के अधिकारों से जुड़े उनके प्रयास शामिल हैं.

रिपोर्ट में वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और इस्लामोफोबिया के खिलाफ उनकी भूमिका का भी उल्लेख है. इस साल जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया था.

महमूद मदनी के अलावा कई अन्य भारतीय भी दुनिया के 500 प्रभावशाली मुस्लिमों की सूची में शामिल हैं. इनमें AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक, उद्योगपति अजीम प्रेमजी और दाऊदी बोहरा समुदाय के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन शामिल हैं.

मनोरंजन जगत से अभिनेता शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान और शबाना आजमी को भी इस सूची में जगह मिली है. संगीतकार एआर रहमान का नाम भी शामिल है. हालांकि, ये सभी टॉप-50 की व्यक्तिगत रैंकिंग में नहीं हैं, बल्कि बाकी 450 प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts