वाराणसी में सर्दियों की पसंदीदा सब्जी हरी मटर के दाम में बड़ी गिरावट आई है. करीब दो महीने पहले 200 से 250 रुपये किलो बिकने वाली मटर अब फुटकर बाजार में 60 रुपये किलो मिल रही है. वहीं, थोक मंडियों में इसकी कीमत घटकर 50 रुपये किलो पहुंच गई है. मटर सस्ती होने से अब आम लोगों की थाली में एक बार फिर निमोना, मटर चूड़ा और घुघुरी जैसे पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लौटने लगा है. कारोबारियों का कहना है कि स्थानीय मटर की आवक शुरू होने के बाद कीमतों में और गिरावट आ सकती है.
नवंबर के दूसरे पखवारे की शुरुआत के साथ ही वाराणसी में ठंड और कोहरे का असर दिखने लगा है. इसी के साथ सर्दियों में मिलने वाली हरी सब्जियों की आवक भी बाजार में बढ़ने लगी है. इनमें हरी मटर की मांग सबसे ज्यादा बनी हुई है. करीब दो महीने पहले देहरादून की पहाड़ी मटर की आवक शुरू हुई थी. उस समय मंडी में इसकी कीमत 200 से 250 रुपये प्रति किलो थी. धीरे-धीरे आपूर्ति बढ़ने के साथ दाम में गिरावट आती गई. अब थोक बाजार में मटर 50 रुपये और फुटकर बाजार में करीब 60 रुपये किलो बिक रही है.
हरी मटर के दाम कम होने से सर्दियों के पारंपरिक व्यंजनों की मांग भी बढ़ने लगी है. अब लोग घरों में निमोना, मटर चूड़ा और घुघुरी जैसे स्वादिष्ट व्यंजन बना रहे हैं. मटर की कीमतों में आई गिरावट से आम लोगों को राहत मिली है. पहले महंगी होने के कारण लोग मटर खरीदने से बचते थे, लेकिन अब कम कीमत पर उपलब्ध होने से इसकी खरीदारी बढ़ गई है.
वाराणसी की पहड़िया मंडी, लालपुर मंडी, भोजूबीर मंडी और लमही मंडी में इन दिनों मटर की अच्छी बिक्री हो रही है. मटर विक्रेता भोला जायसवाल, विक्की गुप्ता, अश्विनी पटेल और प्रमोद सोनकर के मुताबिक, फिलहाल जबलपुर और पंजाब से पर्याप्त मात्रा में मटर आ रही है. कारोबारियों का कहना है कि स्थानीय मटर की आवक शुरू होने में अभी करीब 15 दिन का समय लग सकता है. इसके बाद बाजार में मटर की उपलब्धता बढ़ेगी और कीमतों में और गिरावट आने की उम्मीद है.
न दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है. ऐसे में बाजार में मटर की मांग भी बनी हुई है. कारोबारियों के मुताबिक, मटर की पर्याप्त आवक होने से कीमतें नियंत्रित हुई हैं. स्थानीय मटर बाजार में पहुंचने के बाद लोगों को और सस्ते दाम पर हरी मटर मिल सकती है. इससे आने वाले दिनों में सर्दियों के पसंदीदा व्यंजनों का स्वाद लेना लोगों के लिए और आसान हो जाएगा.









