BREAKING

उत्तर प्रदेश

झांसी में सिंहासन पर पहली बार विराजीं रानी लक्ष्मीबाई,

अंग्रेजी हुकूमत के सामने कभी न झुकने वाली वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की वीरता और स्वाभिमान की कहानी आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है. अब झांसी में उनकी विरासत को एक नया और भव्य स्वरूप मिला है. शहर के रानी लक्ष्मीबाई पार्क में महारानी की सिंहासन पर विराजमान प्रतिमा स्थापित की गई है. इस अनोखी प्रतिमा को देखकर लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. आयोजकों का दावा है कि देश में सिंहासन पर बैठी रानी लक्ष्मीबाई की यह अपनी तरह की एकमात्र प्रतिमा है.

रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर झांसी के पार्क में इस भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया. प्रतिमा के सामने पहुंचकर लोगों ने फूल बरसाए और वीरांगना को नमन किया. इस दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे. जयपुर में तैयार कराई गई इस प्रतिमा पर करीब 8 लाख रुपये खर्च हुए हैं. इसकी ऊंचाई लगभग 8 फीट और चौड़ाई 4 फीट है.

स स्मारक को विकसित करने में कर्मयोगी संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. संस्था के संचालक संतोष कुमार गौड़ के मुताबिक, इस काम को पूरा करने में संस्था के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने सहयोग दिया. वह वर्ष 2016 से रानी लक्ष्मीबाई के सम्मान और उनकी विरासत को सहेजने के लिए काम कर रहे हैं. प्रतिमा की स्थापना में डेढ़ साल से अधिक का समय लगा. करीब 4,500 वर्गफीट में विकसित इस स्मारक को ‘राजधर्म स्मारक’ नाम दिया गया है.

कार्यक्रम में मौजूद नेहा चाचरा बहल ने इस आयोजन को बेहद खास बताया. उन्होंने कहा कि वह हर साल रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर यहां आती हैं. लेकिन इस बार सिंहासन पर विराजमान महारानी का स्वरूप देखकर उनका उत्साह और गर्व बढ़ गया. उन्होंने खुद को रानी लक्ष्मीबाई की बेटी के रूप में इस गौरवशाली पल से जुड़ा महसूस किया.

इस प्रतिमा के जरिए रानी लक्ष्मीबाई के साहस, बलिदान और स्वाभिमान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की गई है. आयोजन के दौरान सुभद्रा कुमारी चौहान की अमर कविता ‘खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झांसी वाली रानी थी’ की याद भी ताजा हुई. स्थानीय लोगों के लिए यह स्मारक केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि झांसी के गौरव और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक बन गया है. सिंहासन पर विराजमान महारानी का यह स्वरूप उनके अदम्य साहस की कहानी आने वाले समय में भी सुनाता रहेगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts