बिहार की राजधानी पटना में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। इस बार प्रकाश पर्व का थीम स्लोगन ‘बिहार है तैयार, जी आयां नू’ रखा गया है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, परिवहन और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
प्रकाश पर्व के दौरान सांस्कृतिक और आकर्षक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 15 जनवरी 2027 को पटना के कंगन घाट पर 1000 ड्रोन की मदद से भव्य ड्रोन शो आयोजित होगा। इसके अगले दिन यानी 16 जनवरी को गुरुद्वारा परिसर के आसपास आतिशबाजी की जाएगी।
इसके अलावा सिख इतिहास पर आधारित फोटो गैलरी और विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को सिख इतिहास, परंपरा और गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को जानने का अवसर मिलेगा।
रेलवे, हवाई और बस सेवाओं के लिए केंद्र से होगा समन्वय
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे, हवाई और बस सेवाओं को बेहतर बनाया जाए। इसके लिए केंद्र सरकार और दूसरे राज्यों की सरकारों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव और अन्य प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष मोबाइल ऐप
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयोजन के किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
त्याग, साहस और मानवता का संदेश देता है गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जीवन त्याग, साहस, सेवा, मानवता और धर्म की रक्षा का अद्वितीय संदेश देता है। उनके 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन पूरी श्रद्धा, भव्यता और गरिमा के साथ किया जाना चाहिए। राज्य सरकार इस पावन अवसर को यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।









