गंगा को माँ के साथ-साथ बेटी मानकर उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेना होगा — प्रो. सन्त त्रिपाठी
बलुआ घाट (चहनियाँ, चन्दौली), 23 नवम्बर 2026।पश्चिमवाहिनी माँ गंगा के पावन तट स्थित बलुआ घाट पर भारतीय ज्ञान परम्परा केन्द्र, सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी एवं गंगा सेवा समिति, बलुआ के संयुक्त तत्त्वावधान में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘गाँव की गंगा : संरक्षण एवं विकास’ का भव्य उद्घाटन हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा तथा मुख्य वक्ता प्रान्तीय सह कार्यवाह प्रो. राकेश तिवारी रहे। कार्यक्रम में प्रो. दिनेश गर्ग, डॉ. विजय कुमार शर्मा, डॉ. आशीष मणि त्रिपाठी, डॉ. ज्ञानेन्द्र सापकोटा सहित अनेक विद्वान, शिक्षाविद् एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि गंगा की निर्मलता केवल नदी का संरक्षण नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय अस्मिता एवं मानवता की आत्मा का संरक्षण है। आने वाली पीढ़ियाँ गंगा की महिमा तभी अनुभव कर सकेंगी, जब हम उसकी अविरलता एवं निर्मलता सुरक्षित रखेंगे। केवल दीप प्रज्वलित करना पर्याप्त नहीं, बल्कि गंगा में कूड़ा-कचरा एवं अपशिष्ट प्रवाहित न करने का संकल्प लेना होगा। गंगा की स्वच्छता का वास्तविक आरम्भ हमारे अपने आचरण की निर्मलता से होना चाहिए।
उन्होंने भारतीय ज्ञान परम्परा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ज्ञान, साधना, उपासना एवं आध्यात्मिक चेतना की भूमि है। हमारी संस्कृति ने नदियों को माता और प्रकृति को देवतास्वरूप स्वीकार किया है। जल एवं अन्न की शुद्धता से शरीर, शरीर की शुद्धता से चिंतन तथा चिंतन की शुद्धता से समाज और राष्ट्र का कल्याण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से गंगा संरक्षण का संदेश गाँव, मोहल्ले एवं समाज तक पहुँचाने तथा कथनी-करनी में एकरूपता लाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता प्रो. राकेश तिवारी ने कहा कि गंगा केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के हृदय में प्रवाहित सांस्कृतिक चेतना है। गंगा को केवल माता मानना पर्याप्त नहीं, बल्कि अपनी बेटी की भाँति उसका पालन-पोषण एवं संरक्षण भी करना होगा। उन्होंने लोकगीतों, लोकभाषा एवं भारतीय परम्पराओं के माध्यम से गंगा की जनजीवन में आत्मीय उपस्थिति को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गंगा की श्रद्धा तभी सार्थक होगी, जब हमारा अन्तःकरण भी निर्मल होगा। नई पीढ़ी को भारतीय परम्पराओं का वैज्ञानिक एवं तार्किक पक्ष समझाना तथा गंगा संरक्षण को जनसंकल्प एवं जनआन्दोलन बनाना समय की आवश्यकता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में आचार्य सन्त त्रिपाठी ने गंगा की सांस्कृतिक महत्ता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में पर्यावरण संरक्षण और सकारात्मक चेतना के प्रसार का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय ज्ञान परम्परा, जल संस्कृति, ग्राम्य जीवन एवं पर्यावरण संरक्षण के पारस्परिक सम्बन्धों पर विचार व्यक्त किए। ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों से गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने तथा जलस्रोतों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
अन्त में पूर्व प्राचार्य श्री राजेन्द्र पाण्डेय ने आभार ज्ञापन किया। उन्होंने आयोजन की सत्रह वर्षों से चली आ रही परम्परा का उल्लेख करते हुए सभी अतिथियों, विद्वानों, शिक्षकों, आयोजकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उद्घाटन सत्र के पश्चात् शोधपत्र-वाचन एवं अकादमिक विमर्श हुआ तथा सायंकाल कवि सम्मेलन का आयोजन निर्धारित रहा।
सम्पूर्ण आयोजन का मूल संदेश रहा कि गंगा संरक्षण केवल नदी की स्वच्छता का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, प्रकृति, ग्राम्य जीवन एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का सामूहिक संकल्प है








