BREAKING

महाराष्ट्र

पुणे देश के युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं का केंद्र है -प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुणे मेट्रो की लगभग 21,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए पुणे और महाराष्ट्र की जनता को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जब रोजमर्रा की जिंदगी में नई सार्वजनिक सुविधाएं जुड़ती हैं तो त्योहारों की खुशी कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने याद दिलाया कि दस वर्ष पहले उन्होंने ही पुणे मेट्रो के पहले चरण की आधारशिला रखी थी। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि हिंजवड़ी से शिवाजीनगर गलियारे के शुरू होने से एक प्रमुख आईटी हब तक बेहतर संपर्क मिलेगा जबकि आज शुरू की गई नई लाइन शहर के पुराने और नए हिस्सों को आपस में और बेहतर तरीके से जोड़ेगी।

प्रधानमंत्री ने पुणे को विचारों का ऐतिहासिक केंद्र बताया जिसने देश और समाज को हमेशा दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि यह शहर अब युवाओं की आकांक्षाओं के केंद्र के रूप में आईटी, ऑटोमोबाइल, औषधि उद्योग, स्टार्टअप, नवाचार और विनिर्माण के क्षेत्रों में ‘विकसित भारत’ की नई ऊर्जा का संचार कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ऐसे में मजबूत होती यहां की मेट्रो कनेक्टिविटी, पुणे शहर के विकास को नई गति देने जा रही है।”

प्रधानमंत्री ने बताया, पुणे मेट्रो का विस्तार यह दिखाता है कि आधुनिक शहरों को विकसित भारत के लिए किस तरह तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब शहरों को केवल उद्योगों, खान-पान या स्थानीय उत्पादों जैसे पारंपरिक पैमानों से नहीं आंका जाता, बल्कि उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता और जीवन जीने की सुगमता से परखा जाता है। मेट्रो नेटवर्क इन दोनों को बेहतर बनाता है, जिससे लोगों का यात्रा का समय बचता है और उन्हें काफी सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों का समय बचने से शहरी उत्पादकता बढ़ती है जिससे राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में भी तेजी आती है। श्री मोदी ने बल देकर

कहा, “अब आने वाले वर्षों में इसके साथ ही, देश अपनी ऊर्जा अपने शहरों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों में से एक बनाने में लगाने वाला है।”

प्रधानमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि शहर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों के मुख्य इंजन होते हैं और सैकड़ों छोटे शहरों को विकास के केंद्रों में बदला जाना चाहिए। उन्होंने इस वर्ष फरवरी में ‘अर्बन चैलेंज फंड’ को स्वीकृति दिए जाने का उल्लेख किया। इसके अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में निवेश जुटाने के लिए केंद्र सरकार 1 लाख करोड़ रुपये की सहायता देगी। उन्होंने स्थानीय निकायों और निजी क्षेत्र के साझेदारों से आग्रह किया कि वे इस प्रयास में मिशन के रूप में शामिल हों। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि महाराष्ट्र इसमें अपनी भूमिका का और विस्तार करेगा।”

प्रधानमंत्री ने त्योहारों के इस मौसम में नागरिकों को उनके सामाजिक उत्तरदायित्व की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि हमें सूखे से प्रभावित लोगों, किसान परिवारों और मुश्किलों का सामना कर रहे अन्य लोगों का भी ध्यान रखना चाहिए ताकि उनके घरों में भी दिवाली की खुशियां बनी रहें। उन्होंने देशवासियों से इस आपदा का मिलकर सामना करने की अपील की। ​​प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हम सब मिलकर ही इस आपदा का सामना करेंगे।”

प्रधानमंत्री ने मेट्रो परियोजनाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए इस बात पर बल दिया कि ‘सबका प्रयास’ ही ‘विकसित भारत’ की प्राणवायु है। श्री मोदी ने कहा, “इसी भावना के साथ हमें देश के विकास में जुटे रहना है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts