बॉलीवुड एक्ट्रेस और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने 19 नवंबर को अपना 51वां जन्मदिन मनाया. इस खास मौके पर उन्हें फिल्मी दुनिया से लेकर उनके चाहने वालों तक ने बधाइयां दीं. लेकिन एक बधाई ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा. जो बधाई आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी की ओर से आया.
उन्होंने सोशल मीडिया पर सुष्मिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए अपनी ‘सबसे प्यारी दोस्त’ बताया. कभी अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में रहे ललित और सुष्मिता अब भले ही साथ नहीं हैं, लेकिन उनके बीच दोस्ती का रिश्ता अभी भी कायम है.
ललित मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सुष्मिता सेन को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने लिखा, ‘मेरी प्यारी दोस्त सुष्मिता सेन को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. मुस्कुराते रहिए.’ उनके इस छोटे से मैसेज ने एक बार फिर दोनों के रिश्ते को चर्चा में ला दिया. खासबात यह है कि अलग होने के बाद भी ललित ने सुष्मिता के लिए अपनापन जाहिर करने में कोई हिचक नहीं दिखाई.
ललित मोदी और सुष्मिता सेन की नजदीकियों की खबरें जुलाई 2022 में सामने आई थीं. उस वक्त ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर सुष्मिता के साथ छुट्टियों की कुछ तस्वीरें साझा की थीं. उन्होंने एक्ट्रेस को अपनी ‘बेटर हाफ’ बताते हुए रिश्ते का खुलासा किया था. इसके बाद दोनों की शादी को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई थीं. हालांकि, ललित मोदी ने बाद में साफ किया था कि दोनों ने शादी नहीं की है.
यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका. फरवरी 2025 में ललित मोदी ने दोनों के अलग होने की पुष्टि की. जून 2026 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई थी. उनके मुताबिक, सुष्मिता का काम और करियर भारत में था, जबकि उनकी जिंदगी लंदन में थी. दोनों के बीच बढ़ती दूरी रिश्ते पर भारी पड़ी. हालांकि, ललित ने यह भी साफ किया कि सुष्मिता आज भी उनकी अच्छी दोस्त हैं.









