BREAKING

मनोरंजन

हैवान नाम की फिल्म फ्लॉप

हैवान नाम की फिल्म फ्लॉप हो गई, और वो भी अच्छी तरह. पहले वीकेंड में चार करोड़. मतलब कोई देखने ही नहीं गया. ये यह नहीं बताता, कि एक दर्शक के रूप में हम परिपक्व हो गए हैं, ऐसा होता तो मिर्जापुर इतना न कमा रही होती. यह दिखाता है कि जनता की याददाश्त अब पहले की तरह कमजोर नहीं रही. उसे पता है कि प्रियदर्शन और अक्षय कुमार के साथ आने से अब कोई चमत्कार नहीं होगा. ऊपर से सैफ अली खान. ये तीनों मिलकर एक किस्म के त्रिफला चूर्ण का निर्माण करते हैं. यह फिल्म उसी त्रिफला चूर्ण का सुबह वाला परिणाम है.

असल में पब्लिक बहुत पहले ही समझ गई थी कि प्रियदर्शन निर्देशकों के इमरान हाशमी हैं. बहुत दिन से फिल्म नहीं आई थी तो इस कॉन्सेप्ट पर धूल जम गई थी. फिर भूत बंगला बनाकर इसका रिवीजन कर दिया गया. ओपनिंग तक नहीं लगी हैवान को.

इमरान हाशमी पच्चीस साल पहले लुच्चो का पैगंबर बनाकर पेश किया गया था. दस साल बहुत बढ़िया चला, फिर उसने अपना दीन ए इलाही बना लिया, वही कि जो करे वो एक्टिंग, जो बोल दे वो डायलॉग. भगा दिया पब्लिक ने. अब बहुत साल तक इलेन विलेन सब तरह के रोल करके पुराने ओप्पो वीवो वाले फॉर्म में आया, और थोड़ा बहुत चल गया.

ऐसे ही प्रियदर्शन थे, साउथ की अपनी ही हिट फिल्म का रीमेक बनाते थे, और प्यार से बनाते थे तो फिल्म चल जाती थी. भले ही एक ही गाँव में सेट लगाते थे, दक्षिण भारतीय परिवेश में बसा एक गांव, जहां लोग मराठी से लेकर भोजपुरी सब बोलते थे, कपड़े भी हर फिल्म में वही होते थे, मगर चल जाता था. फील गुड टाइप की फिल्में होती थीं, कुछ फिल्में जो फ्लॉप भी हुईं उस समय किसी कारण से, वो आज ओटीटी वगैरह पर खूब देखी जाती हैं. अब दर्शक तो अपने यहां ऐसे हैं कि दिलीप कुमार राजेश खन्ना की रंगबाजी बर्दाश्त नहीं की, अमिताभ बच्चन को पानी पिला दिया, वो तो उनकी किस्मत अच्छी थी कि दूसरी पारी में उनको नया जीवन मिल गया. तो प्रियदर्शन को कहां कुछ समझेंगे.

सही सलामत दुकान चल रही थी कि उनको पागल कुत्ते ने काट लिया और मलयालम फिल्मों के रीमेक के नाम पर दर्शकों पर अपनी पसंद थोपने लगे. दूसरे दर्जे का चाइनीज माल. पहले जब रीमेक बनाते थे तो बकायदा अच्छे स्क्रिप्ट राइटर रखा करते थे, फिर पता नहीं क्या हुआ, शायद जब से सलमान शाहरुख के संपर्क में आये, तब से इनका टच चला गया. अक्षय कुमार कम से कम निर्देशक और स्क्रिप्ट के साथ रहने का प्रयास तो करते हैं, उनकी केवल एक शर्त होती है, कि उनका रोल सबसे बड़ा और सब पर भारी हो. भाई लोग के साथ तो ये दिक्कत है कि उनकी फिल्म निर्माण की ग्रामर ही अलग है. तो अच्छा भला निर्देशक उनके घर से तबाह होकर ही निकलता है. कंफ्यूज और भटका हुआ.

अब सुना जा रहा है कि प्रियदर्शन की जो अगली फिल्म आ रही है, वो महान शिकारी जिम कॉर्बेट के ऊपर है. और जिम कॉर्बेट वाला रोल करेंगे अपने प्यारे अक्षय कुमार. कॉमेडी, थ्रिलर और वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन के नाम पर भूत बंगला टाइप कुछ वाहियात सा दिखा देंगे. बस एक महान कलाकार की और कमी है, जो त्रिफला चूर्ण का कॉम्बिनेशन पूरा कर दे.

विकास कुमार

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts