वाराणसी, 26 सितंबर 2026। सीर गोवर्धनपुर–रमना बॉर्डर के प्रमुख मार्ग पर कथित रूप से अस्पतालों का जैव-चिकित्सकीय कचरा अवैध तरीके से खुले में फेंका जा रहा है। यहां बड़ी मात्रा में मेडिकल कचरा पड़ा हुआ है, जिसमें कांच की बोतलें, इस्तेमाल की गई सुइयां, ऑपरेशन से संबंधित जैविक अवशेष तथा मांस के टुकड़े दिखाई दे रहे हैं।
इस तरह खुले में मेडिकल कचरा फेंके जाने से राहगीरों, स्थानीय निवासियों और आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। विशेष रूप से इस्तेमाल की गई सुइयों और कांच के टुकड़ों से चोट लगने तथा संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
अमन यादव, महानगर अध्यक्ष, बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी, समाजवादी पार्टी ने नगर आयुक्त एवं जिलाधिकारी वाराणसी से मांग की है कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए मौके का निरीक्षण कराया जाए। खुले में मेडिकल कचरा फेंकने वाले अस्पतालों अथवा संबंधित एजेंसियों की पहचान कर नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले मौके पर पड़े इस खतरनाक कचरे को तत्काल सुरक्षित तरीके से हटाया जाए और भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए जिम्मेदार विभाग एवं एजेंसी द्वारा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
मांगें—
1. मौके पर पड़ा मेडिकल कचरा तत्काल हटाया जाए।
2. कचरा किस अस्पताल अथवा संस्था द्वारा फेंका गया, इसकी जांच कराई जाए।
3. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
4. मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
5. मुख्य मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और निगरानी कराई जाए।









