नशा मुक्त भारत के नारों से गूंजा क्षेत्र, स्वयंसेवकों ने लगाई पांच किमी की दौड़
जीवनदीप में “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व” थीम पर जागरूकता रैली आयोजित
वाराणसी 01 अक्टूबर 2016।। बड़ा लालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के तत्वावधान में संचालित “100 वीक्स नशा मुक्त युवा अभियान” के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व” थीम पर हेल्थ वॉक और रन का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की वाइस चेयरमैन अंशु सिंह द्वारा विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाकर ‘वंदे मातरम’ राष्ट्रगीत के साथ हुआ। शपथ ग्रहण के उपरांत जीवनदीप खेल मैदान से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली चांदमारी, टीएफसी सेंटर, ऐढ़े और वीडीए कॉलोनी क्षेत्र से गुजरते हुए स्थानीय नागरिकों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करती हुई पुनः जीवनदीप उत्सव वाटिका पर संपन्न हुई। रैली के दौरान स्वयंसेवियों ने गगनभेदी नारों के माध्यम से नशा मुक्त भारत का संदेश दिया। राष्ट्रगान के साथ रैली समापन के बाद पांच किमी की दौड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसे एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी विक्रम प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी संकायों के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवियों ने इसमें पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. अमित कुमार सिंह एवं खेल प्रशिक्षक डॉ. राजेश कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर ही एक स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाई जा सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश का स्वस्थ और जागरूक युवा ही ‘विकसित भारत’ के निर्माण की असली आधारशिला है। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य सहित समस्त विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशे के खिलाफ अलख जगाना और एक सेहतमंद जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।









