डिजिटल लाइब्रेरी के साथ ही विकास, पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
वाराणसी। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, आकर्षक एवं नागरिकों के लिए अधिक उपयोगी बनाने के उद्देश्य से आज महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सिगरा स्थित शहीद उद्यान पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर एवं नगर आयुक्त ने पार्क परिसर में विकसित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी, पार्क के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र के विकास, आकर्षक लाइटिंग एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रस्तावित सुविधाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि शहीद उद्यान शहर का एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है। इसे इस प्रकार विकसित किया जाना चाहिए, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर वातावरण के साथ आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें। डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को अध्ययन के लिए एक बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि पार्क के सौंदर्यीकरण, डिजिटल लाइब्रेरी एवं प्रकाश व्यवस्था से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता के स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने पार्क परिसर में आकर्षक एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, हरित क्षेत्र को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने तथा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
महापौर एवं नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के सार्वजनिक पार्कों को बेहतर नागरिक सुविधाओं, आधुनिक तकनीक एवं आकर्षक स्वरूप के साथ विकसित किया जाए, जिससे नागरिकों, विशेषकर बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।









