BREAKING

वाराणसी

सामने घाट पर गंगा किनारे अवैध कब्जों के विरुद्ध नगर निगम का बड़ा अभियान, अवैध प्लाटिंग एवं बाउंड्रीवाल ध्वस्त करने की कार्रवाई देर शाम तक जारी

 

नगर आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा, सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी

वाराणसी। नगर निगम, वाराणसी द्वारा शहर में सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों तथा अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सामने घाट क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे लगभग 35 बिस्वा भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग कर बाउंड्रीवाल बनाए जाने की सूचना प्राप्त हुई। प्रकरण को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने तत्काल राजस्व विभाग को मौके पर पहुंचकर जांच एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर निगम की राजस्व टीम द्वारा मौके पर जांच की गई, जिसमें बड़े पैमाने पर अवैध अतिक्रमण पाया गया। स्थिति की गंभीरता इस बात से स्पष्ट हुई कि अतिक्रमणकारियों द्वारा गंगा नदी के किनारे ही नहीं, बल्कि नदी के जल प्रवाह क्षेत्र तक अवैध रूप से कब्जा कर बाउंड्रीवाल तथा सीढिय़ों का निर्माण कर लिया गया था। नगर निगम की टीम द्वारा तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई, जो देर शाम तक जारी रही। कार्रवाई के दौरान कुछ कब्जेदारों द्वारा स्वयं अतिक्रमण हटाने का अनुरोध भी किया गया है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट एवं कड़े शब्दों में कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सरकारी भूमि, सार्वजनिक स्थलों तथा गंगा नदी के किनारे और उसके जल प्रवाह क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध प्लाटिंग, बाउंड्रीवाल निर्माण अथवा भूमि पर अनधिकृत कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा कर उसे निजी संपत्ति के रूप में इस्तेमाल करने की छूट नहीं दी जाएगी।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे सभी स्थलों को चिह्नित कर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा जहां भी अवैध अतिक्रमण पाया जाए, वहां बिना किसी दबाव अथवा पक्षपात के नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम की स्पष्ट चेतावनी है कि अवैध कब्जा करने वाले स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नगर निगम द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर की सार्वजनिक भूमि एवं गंगा नदी के प्राकृतिक प्रवाह क्षेत्र की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts