BREAKING

राष्ट्रीय

राजनाथ सिंह ने सैनिकों के साथ मनाई दिवाली, बोले- आपकी वजह से रोशन दिखते हैं दिवाली के दीये

नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को दिवाली के मौके पर सिक्किम में भारतीय सेना के जवानों के साथ त्योहार मनाया। वह नाथुला दर्रे के पास स्थित शेरथांग वॉर मेमोरियल पहुंचे। यहां उन्होंने सैनिकों से मुलाकात की और देश की रक्षा में उनके योगदान, अनुशासन और बलिदान की जमकर सराहना की।

इस दौरान राजनाथ सिंह ने जवानों और उनके परिवारों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही शेरथांग वॉर मेमोरियल में देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने वाले शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जवानों के बलिदान से रोशन होते हैं देश के घर

सैनिकों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आज देश के लोग अपने घरों में दिवाली के दीये जला पा रहे हैं, तो इसके पीछे जवानों का बड़ा योगदान है। सैनिक देश और समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात अपनी ड्यूटी निभाते हैं। कई जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपनी जान तक कुर्बान कर दी।

उन्होंने शहीद सैनिकों के परिवारों को भी दिवाली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। राजनाथ सिंह ने जवानों की तारीफ करते हुए कहा कि उनसे मिलकर उन्हें बहुत प्यार, ऊर्जा और उत्साह मिला है। सैनिकों के चेहरों पर दिखने वाला जोश और देश के प्रति उनका जुनून गर्व महसूस कराता है।

जवान देश के हर घर तक पहुंचा रहे रोशनी

रक्षा मंत्री ने सैनिकों की तुलना दिवाली के दीये से की। उन्होंने कहा कि जिस तरह एक छोटा-सा दीया बिना शोर किए अंधेरे को दूर करता है, उसी तरह सेना के जवान बिना किसी दिखावे के देश की सुरक्षा में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा, “आपकी रोशनी सिर्फ शेरथांग वॉर मेमोरियल तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर घर तक पहुंच रही है। आपकी वजह से देश के लोग चैन की नींद सो पाते हैं। आपकी वजह से ही दिवाली के दीये और भी ज्यादा रोशन दिखते हैं।” उन्होंने कहा कि जब पूरा देश त्योहार मना रहा होता है, तब भी जवान सीमाओं पर पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।

सेना की सबसे बड़ी ताकत है अनुशासन

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में तकनीक के साथ अनुशासन के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में सेना में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है, लेकिन केवल तकनीक से सफलता नहीं मिल सकती। उन्होंने कहा कि अगर जवानों और युवाओं में अनुशासन नहीं है, तो आधुनिक तकनीक भी पूरी तरह काम नहीं आ सकती। सेना की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासन है।

रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि सेना के जवानों का व्यवहार, उनकी वर्दी, बातचीत का तरीका और संयम स्थानीय लोगों के मन में सेना की छवि बनाते हैं। इसलिए जवानों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों के बीच विश्वास और सम्मान का रिश्ता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि शेरथांग और आसपास के इलाकों में स्थानीय लोगों के मन में सेना के प्रति काफी सम्मान और प्यार है। इस भरोसे को बनाए रखना भी सैनिकों की जिम्मेदारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts