*67वीं अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहलवानों ने दिखाया दमखम, बरेका के दीपांशु, सागर ठाकरान और सचिन गिरी ने जीते रजत पदक*
*फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन वर्ग में पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले, आठ भार वर्गों के परिणाम घोषित*
वाराणसी 30 सितंबर 2026। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आयोजित 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता-2026-27 के दूसरे दिन बुधवार को फ्रीस्टाइल एवं ग्रीको-रोमन वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिले। देशभर से आए रेलवे के पहलवानों ने शानदार दांव-पेंच और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदकों के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
दूसरे दिन के मुकाबलों के बाद बरेका के तीन पहलवानों ने रजत पदक हासिल कर मेजबान टीम का गौरव बढ़ाया। फ्रीस्टाइल के 65 किग्रा भार वर्ग में दीपांशु, 77 किग्रा ग्रीको-रोमन में सागर ठाकरान तथा फ्रीस्टाइल के 86 किग्रा भार वर्ग में सचिन गिरी ने रजत पदक अपने नाम किया।
पदक विजेताओं को बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार,मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा ने प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बरेका खेल संघ के महासचिव श्री अनुराग गुप्ता एवं कुश्ती सचिव श्री राजेश कुमार सहित खेल अधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
दूसरे दिन के प्रमुख परिणाम
फ्रीस्टाइल 57 किग्रा:
उत्तर रेलवे के अमित ने स्वर्ण, मध्य रेलवे के आतिश तोड़कर ने रजत तथा पश्चिम रेलवे के सरवन कौशल ने कांस्य पदक जीता।
फ्रीस्टाइल 65 किग्रा:
उत्तर पश्चिम रेलवे के नीरज ने स्वर्ण, बरेका के दीपांशु ने रजत तथा पश्चिम रेलवे के अजय और उत्तर मध्य रेलवे के उदित ने कांस्य पदक हासिल किया।
ग्रीको-रोमन 67 किग्रा:
उत्तर मध्य रेलवे के विकास ने स्वर्ण, मध्य रेलवे के अनिल ने रजत तथा पश्चिम रेलवे के सचिन और मध्य रेलवे के विक्रम कुर्द ने कांस्य पदक जीता।
ग्रीको-रोमन 77 किग्रा:
उत्तर रेलवे के विकास ने स्वर्ण, बरेका के सागर ठाकरान ने रजत तथा उत्तर पश्चिम रेलवे के सचिन और पश्चिम रेलवे के अनुज दहिया ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
ग्रीको-रोमन 97 किग्रा:
पूर्वोत्तर रेलवे के वीरेश कुंडू ने स्वर्ण, उत्तर मध्य रेलवे के रवि ने रजत तथा उत्तर रेलवे के प्रवीण और पश्चिम रेलवे के नितेश कुमार ने कांस्य पदक जीता।
ग्रीको-रोमन 60 किग्रा:
उत्तर पश्चिम रेलवे के साहिल ने स्वर्ण, पूर्वोत्तर रेलवे के मनीष ने रजत तथा उत्तर रेलवे के सूरज और पश्चिम रेलवे के मोहित नरवाल ने कांस्य पदक हासिल किया।
फ्रीस्टाइल 86 किग्रा:
उत्तर पश्चिम रेलवे के सचिन ने स्वर्ण, बरेका के सचिन गिरी ने रजत तथा मध्य रेलवे के मुंतज़िर सरनोबत और पश्चिम रेलवे के परमीत ने कांस्य पदक जीता।
फ्रीस्टाइल 125 किग्रा:
उत्तर रेलवे के अनिरुद्ध ने स्वर्ण, उत्तर मध्य रेलवे के जोंटी कुमार ने रजत तथा मध्य रेलवे के महेंद्र गायकवाड़ और पश्चिम रेलवे के अमन राठी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन हुए मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी ताकत, तकनीक और शानदार कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। बरेका के पहलवानों के शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता स्थल पर मौजूद दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।









