युवा संगम फेज-7 : केरल के प्रसिद्ध हथकरघा गांव ‘कुथंपल्ली’ पहुंचे उत्तर प्रदेश के युवा प्रतिनिधि; बुनकरों से संवाद कर समझी पारंपरिक बुनाई की कला
कुथंपल्ली (केरल)। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम’ (फेज-7) कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश के युवा प्रतिनिधियों के दल ने केरल के त्रिशूर जिले में स्थित ऐतिहासिक हथकरघा गांव कुथंपल्ली का शैक्षणिक व सांस्कृतिक दौरा किया। इस दल का नेतृत्व काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के डॉ. बाला लखेंन्द्र और आईआईटी पालक्काड के नोडल अधिकारी प्रो विनीत नारायण कर रहे हैं।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों ने ‘कुथंपल्ली हैंडलूम वीवर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी’ की कार्यशालाओं और शोरूम का दौरा किया। यहाँ युवाओं ने पारंपरिक लकड़ी के करघों पर धागे के ताने-बाने से वस्त्र तैयार करने की जटिल और बारीक प्रक्रिया को अपनी आँखों से देखा। छात्रों ने स्थानीय देवांग बुनकर कारीगरों से सीधा संवाद साधा और पारंपरिक साड़ियों, धोती तथा केरल के पारंपरिक परिधानों के निर्माण, सूत की कताई और डिजाइनिंग की तकनीकों को गहराई से समझा।
दल के नोडल अधिकारी डॉ. बाला लखेंद्र ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और युवा संगम का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, शिल्प और जनजीवन से सीधे जोड़ना है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत के युवाओं के लिए दक्षिण भारत की इस सदियों पुरानी हथकरघा परंपरा और श्रम-संस्कृति को करीब से जानना एक अत्यंत समृद्ध और प्रेरणादायक अनुभव है।
दौरे के दौरान युवा प्रतिनिधियों ने बुनकरों की आजीविका, हथकरघा उद्योग के समक्ष आधुनिक चुनौतियों तथा बाज़ार व्यवस्था पर भी चर्चा की। इसके साथ ही छात्रों ने बुनकर सहकारी समिति के केंद्र से स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित कपड़ों की खरीदारी कर स्थानीय शिल्प को प्रोत्साहित किया। भ्रमण के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने परिसर में समूह चित्र खिंचवाकर इस यादगार अनुभव को संजोया।
संध्या काल में युवा संगम के प्रतिभागियों ने आईआईटी के सभागार में आयोजित शास्त्रीय संगीत संध्या ममें प्रतिभाग किया जिसमें कर्नाटक शैली में गायन और वादन की प्रस्तुति हूई।









